जालौन एनकाउंटर: कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार के हत्यारे चढ़े पुलिस के हत्थे, मुठभेड़ में दो के पैर में लगी गोली

यूपी के जालौन जिले में कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कानपुर से गिरफ्तार तीन आरोपियों की निशानदेही पर साक्ष्य बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ हो गई. फायरिंग में दो आरोपी घायल हुए हैं.

Advertisement
वकील के हत्यारोपियों का जालौन में एनकाउंटर (Photo- Screengrab) वकील के हत्यारोपियों का जालौन में एनकाउंटर (Photo- Screengrab)

मोहम्मद अलीम सिद्दीकी

  • जालौन ,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:14 AM IST

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हुई जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया. 31 अक्टूबर को कालपी थाने में अपहरण की सूचना मिलने पर स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और थाना पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं. 1 नवंबर को पुलिस टीमों ने कानपुर से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर अपहृत का शव तथा आला-ए-कत्ल बरामद किया. 

Advertisement

इस बीच कालपी कोतवाली क्षेत्र के जंगल में वारदात में इस्तेमाल कार और बरामदगी के दौरान आरोपियों ने झाड़ियों में छिपे तमंचे से पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी. पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे साथी को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया गया.

कानपुर से गिरफ्तार हुए तीन शातिर आरोपी

जालौन पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस की संयुक्त टीमों ने कानपुर में लगातार दबिश देकर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें घटना से जुड़े प्रमुख साक्ष्यों की बरामदगी के लिए लेकर आई थी.

पुलिस पर फायरिंग

कानपुर से गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत का शव और आला-ए-कत्ल बरामद कर लिया गया था. इसके बाद अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को थाना कालपी क्षेत्र के जंगलों में छिपा रखा है.

Advertisement

जब एसएचओ कालपी और एसओजी की टीम गाड़ी बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने दुस्साहस दिखाया. अभियुक्तों ने पुलिस टीम को चकमा देकर झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे तमंचे से अचानक दो राउंड जानलेवा फायर झोंक दिए.

पुलिस की आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग

आरोपियों द्वारा अचानक की गई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में त्वरित और सटीक कार्रवाई की. पुलिस टीम की तरफ से की गई 6 राउंड जवाबी क्रास फायरिंग में दो शातिर आरोपी आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला पैर में गोली लगने से घायल हो गए.

तीसरे आरोपी को घेराबंदी कर मौके से दबोचा

फायरिंग के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से भागने की कोशिश कर रहे तीसरे आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया. पुलिस की मजबूत घेराबंदी के कारण तीसरा अभियुक्त मौके से सुरक्षित दबोच लिया गया.

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती

मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुए दोनों अपराधियों आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा दोनों घायल आरोपियों का उपचार किया जा रहा है.

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी का बयान

मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 को बार संघ अध्यक्ष ज्ञानी अहिरवार (गयादीन अहिरवार) के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन किया गया था.

Advertisement

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून का खौफ मजबूत हुआ है. पुलिस ने साफ किया है कि अपराध करके भागने या पुलिस पर हमला करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

आपराधिक इतिहास और हत्या के कारणों की जांच 

पुलिस ने इस घटना के संबंध में थाना कालपी पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है. फिलहाल पुलिस की टीमें पकड़े गए अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास, हत्या के मुख्य कारणों और पर्दे के पीछे शामिल अन्य संलिप्त चेहरों को बेनकाब करने में जुटी हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »