पत्नी का शव बेड पर, पति फंदे से लटका मिला... मेरठ में दंपति की संदिग्ध मौत, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

मेरठ के पल्लवपुरम फेज-1 स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में एक कमरे से दंपति के शव मिलने से सनसनी फैल गई. संविदा ऑपरेटर प्रदीप यादव का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी मधु का शव बेड पर पड़ा था. आशंका है कि पति ने पत्नी की हत्या कर आत्महत्या की. पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
कर्मचारी ने खोला दरवाजा तो सामने आया खौफनाक मंजर.(Photo: Representational) कर्मचारी ने खोला दरवाजा तो सामने आया खौफनाक मंजर.(Photo: Representational)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 08 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:32 PM IST

उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. यहां एक कमरे में पत्नी का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि पति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था. शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुद फंदे पर लटककर जान दे दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Advertisement

दरअसल, यह मामला थाना पल्लवपुरम क्षेत्र के पल्लवपुरम फेज-1 में स्थित मेरठ विकास प्राधिकरण के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर का है. यहां संविदा ऑपरेटर के रूप में काम करने वाले 35 वर्षीय प्रदीप यादव और उनकी पत्नी का शव कमरे में मिला. पत्नी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि प्रदीप का शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला.

यह भी पढ़ें: मेरठ मर्डर मिस्ट्री: अर्चिता या तुर्कमेनिस्तान की 'मुहब्बत'? शव की पहचान पर उलझी पुलिस, खुलासे पर सवाल

हरदोई से लौटने के बाद हुई घटना

जानकारी के अनुसार प्रदीप यादव शुक्रवार को ही हरदोई से अपनी पत्नी और बेटे के साथ राज्यरानी एक्सप्रेस से मेरठ पहुंचे थे. प्रदीप हरदोई के गांव के रहने वाले थे और उनकी शादी करीब 15 साल पहले सीतापुर निवासी मधु से हुई थी. दंपति का 13 वर्षीय बेटा यश भी है.

Advertisement

प्रदीप के साले शंकर यादव, जो पल्लवपुरम फेज-2 स्थित सीटीपी में संविदा कर्मचारी हैं. उसने बताया कि पिछले 5 से 6 महीनों से प्रदीप और मधु के बीच विवाद चल रहा था. कई बार परिजनों ने दोनों को समझाने की कोशिश भी की थी. शनिवार दोपहर उनका बेटा यश अपने मामा शंकर यादव के घर गया हुआ था.

कर्मचारी ने खोला दरवाजा तो सामने आया मंजर

शनिवार शाम करीब 5 बजे सीटीपी में तैनात लखनऊ के रहने वाले संविदा कर्मचारी रामकरण छुट्टी पर घर जाने से पहले प्रदीप से मिलने उनके कमरे पर पहुंचे. कमरे का दरवाजा बंद था लेकिन कुंडी खुली हुई थी. जैसे ही उन्होंने दरवाजे को धक्का दिया, तो अंदर का दृश्य देखकर वह चौंक गए.

कमरे के अंदर रस्सी के फंदे पर प्रदीप का शव लटका हुआ था, जबकि उनकी पत्नी मधु का शव पास ही बेड पर पड़ा था. रामकरण की चीख सुनकर अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में सीओ प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि थाना पल्लवपुरम क्षेत्र में डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक दंपति ने आत्महत्या कर ली है.

Advertisement

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया, लेकिन कैमरों में कोई आता-जाता नजर नहीं आया. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement