Uttar Pradesh News: मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र से दो दिन पहले लापता हुए 26 वर्षीय अजमल और एक किशोरी ने सहारनपुर के ननौता इलाके में स्थित 'होटल ब्लू वन' के कमरे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली. अजमल ने होटल में चेक-इन करने के बाद अपने चचेरे भाई रिजवान को वीडियो कॉल किया और उसे जहरीला पदार्थ दिखाकर जान देने की बात कही.
रिजवान की सूचना पर जब परिजन शुक्रवार शाम होटल पहुंचे, तो दोनों बेहोश मिले. उन्हें तुरंत शामली के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. बुढ़ाना पुलिस ने पहले ही अजमल के खिलाफ किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज किया था.
वीडियो कॉल पर दी मौत की सूचना
ननौता एसएचओ नवीन कुमार के अनुसार, अजमल दो दिन पहले होटल पहुंचा था. वह लगातार अपने चचेरे भाई रिजवान के संपर्क में था. आखिरी कॉल के दौरान जब उसने जहर का पैकेट दिखाया, तो रिजवान ने उसे रोकने की बहुत गुहार लगाई, लेकिन अजमल नहीं माना. रिजवान ने तुरंत इसकी जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे. सहारनपुर पुलिस अब मृतका की सही उम्र की जांच कर रही है, क्योंकि पिता ने उसे 14 वर्ष का बताया है जबकि युवक के परिजन उसे बालिग बता रहे थे.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
बेहोशी की हालत में दोनों को पहले रामपुर मनिहारन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें शामली के एक बड़े मेडिकल सेंटर रेफर किया गया. हालांकि, शामली के निजी अस्पताल तक पहुंचते-पहुंचते उनकी स्थिति और बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, दोनों एक ही गांव और एक ही समुदाय के रहने वाले थे.
aajtak.in