मेरठ में खुला गटर बना मुसीबत, सीवर में गिरा घोड़ा… क्रेन की मदद निकाला गया

मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र में खुले सीवर में गिरने से एक घोड़ा घायल हो गया. घटना 100 फुटा फतलहपुर रोड स्थित अक्सा मस्जिद के पास हुई, जहां घोड़े का पैर खुले मेनहोल में फंसने के बाद वह सीवर में जा गिरा. स्थानीय लोगों ने पहले खुद उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में क्रेन बुलाकर करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घोड़े को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement
खुले सीवर में घोड़ा गिर गया. Photo ITG खुले सीवर में घोड़ा गिर गया. Photo ITG

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:26 PM IST

मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में खुले सीवर की लापरवाही एक बार फिर बड़ा हादसा कराने वाली थी. 100 फुटा फतलहपुर रोड स्थित अक्सा मस्जिद के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घोड़ा अचानक खुले सीवर में गिर गया. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घोड़ा सड़क किनारे से गुजर रहा था, तभी उसका पैर खुले पड़े सीवर मेनहोल में फंस गया. अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण पूरा घोड़ा गहरे सीवर में जा गिरा. घोड़े के गिरते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश शुरू कर दी.

Advertisement

क्रेन से निकाला गया घोड़ा
स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से घोड़े को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. काफी देर तक मशक्कत चलती रही, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई और मौके पर क्रेन मंगाई गई. करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्रेन की सहायता से घोड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और यातायात भी प्रभावित हुआ. लोगों ने खुले सीवर को लेकर नगर निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में कई जगह सीवर के ढक्कन खुले पड़े हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में लोगों को घोड़े को बचाने के लिए संघर्ष करते देखा जा सकता है. घटना के बाद इलाके के लोगों ने प्रशासन से खुले सीवर को तत्काल बंद कराने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement