ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक युवक ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की उसी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं.
यह भी पढ़ें: 20वीं मंजिल से गिरा प्लास्टर, नीचे खड़ी कार डैमेज, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में दहशत
मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार कविता ने करीब 9 वर्ष पहले मोहित नामक युवक से प्रेम विवाह किया था. मोहित मूल रूप से दादरी थाना क्षेत्र के चिटहेरा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में जारचा रोड स्थित इलाके में पत्नी के साथ रह रहा था. दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं.
शराब पीने के बाद हुआ विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीने के आदी थे. घटना वाली रात भी दोनों ने शराब पी थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया.
आरोप है कि विवाद के दौरान मोहित ने पत्नी कविता की उसी की चुन्नी से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी घर से फरार हो गया.
पुलिस को घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
पड़ोसियों ने बताई पूरी रात की कहानी
पुलिस की पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि रात करीब 3 बजे दोनों के बीच तेज कहासुनी हो रही थी. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया. इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घरों में सोने चले गए.
सुबह काफी देर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ. दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो कविता मृत अवस्था में पड़ी मिली, जबकि उसका पति घर से गायब था. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
एडीसीपी ने क्या बताया?
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि दादरी थाना क्षेत्र के चिटहेरा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची.
उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है. हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है.
अरुण त्यागी