गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित जयपुरिया मॉल में एक फूड आउटलेट पर काम करने वाली युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते थे. दोनों के बीच किसी व्यक्तिगत विवाद की बात सामने आई है. इसी विवाद के चलते मंगलवार को युवक जयपुरिया मॉल स्थित फूड आउटलेट पहुंचा, जहां युवती काम कर रही थी.
आरोप है कि युवक सीधे स्टोर के किचन में पहुंच गया. वहां उसने रखा हुआ चाकू उठा लिया और युवती के साथ मारपीट की. घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में युवक के हाथ में चाकू दिखाई दे रहा है और वह युवती के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है.
फूड आउटलेट के किचन में घुसकर किया हमला
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के आधार पर घटना का स्थान और उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि की. इसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया गया. सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना जयपुरिया मॉल की है. उन्होंने बताया कि युवक और युवती पहले से परिचित थे और किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान युवक ने युवती के साथ मारपीट की. पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना इंदिरापुरम में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
मयंक गौड़