एक और भीषण अग्निकांड, गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री परिसर में उठीं आग की ऊंची लपटें

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित हिंडन विहार में एक केमिकल फैक्ट्री परिसर के इंक गोदाम में भीषण आग लग गई. आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया. दमकल विभाग की सात गाड़ियां और तीन फोम टेंडर मौके पर पहुंचे. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

Advertisement
केमिकल फैक्ट्री परिसर में भड़की आग. (Photo: Screengrab) केमिकल फैक्ट्री परिसर में भड़की आग. (Photo: Screengrab)

मयंक गौड़

  • गाजियाबाद ,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:14 PM IST

गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र स्थित आदर्श नगर के हिंडन विहार में शुक्रवार को एक केमिकल फैक्ट्री परिसर में बने इंक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जबकि काले धुएं का घना गुबार आसमान में छा गया. धुएं के कारण आसपास के इलाके भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री की निचली मंजिल पर इंक का गोदाम था, जबकि ऊपरी मंजिल पर रबड़ स्टांप बनाने का काम किया जाता था. अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई.

आग की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग ने तत्काल सात दमकल वाहनों और तीन विशेष फोम टेंडर गाड़ियों को मौके पर भेजा. दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए अभियान शुरू कर दिया. आग पर काबू पाने के लिए लगातार फोम और पानी का इस्तेमाल किया गया.

धुएं के गुबार से दहशत में आया पूरा इलाका

केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग बुझाना आसान नहीं था. आग की लपटें लगातार ऊंची उठ रही थीं और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था. हालात को देखते हुए एहतियातन आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो.

Advertisement

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

सात दमकल और तीन फोम टेंडर ने संभाला मोर्चा

राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है. हालांकि आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फायर विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »