गर्मी बढ़ते ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. कोई आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहा है तो कोई परिवार के साथ गंगा स्नान का आनंद लेने. लेकिन यूपी के हापुड़ से सामने आई एक घटना ने गंगा स्नान करने वालों को सावधान कर दिया है. गढ़ गंगा के प्रसिद्ध बृजघाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा स्नान कर रहे चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे. घाट पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा.
कुछ ही सेकंड में स्थिति इतनी भयावह हो गई कि आसपास खड़े लोगों के हाथ-पांव फूल गए. कई लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन गंगा का तेज बहाव और गहराई देखकर कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था. तभी स्थानीय गोताखोरों ने जान जोखिम में डालकर गंगा में छलांग लगा दी. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह युवक पानी में हाथ-पैर मारते नजर आ रहे हैं और किनारे पर खड़े लोग उन्हें बचाने के लिए चिल्ला रहे हैं.
गंगा स्नान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना गढ़ तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध बृजघाट की है. यहां चार युवक गंगा स्नान करने पहुंचे थे. शुरुआती तौर पर सबकुछ सामान्य था. घाट पर रोज की तरह श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी. बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान चारों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ बढ़ गए. शायद उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुछ कदम आगे बढ़ते ही पानी की गहराई अचानक बढ़ जाती है. देखते ही देखते चारों युवक संतुलन खो बैठे और गंगा के तेज बहाव में फंस गए. पहले एक युवक डूबने लगा, फिर उसे बचाने के प्रयास में बाकी साथी भी पानी में संघर्ष करने लगे. घाट पर मौजूद लोगों ने जब युवकों को डूबते देखा तो वहां अफरा-तफरी मच गई. महिलाएं चीखने लगीं और लोग मदद के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे.
गोताखोरों ने दिखाई बहादुरी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर और राहत टीम मौके पर पहुंची. बिना समय गंवाए गोताखोर गंगा में कूद पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी का बहाव काफी तेज था और युवक गहरे हिस्से में पहुंच चुके थे. ऐसे में रेस्क्यू करना बेहद मुश्किल हो गया था. गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी युवकों को बाहर निकाला. इस दौरान घाट पर मौजूद लोगों की सांसें थमी हुई थीं. आखिरकार राहत टीम की मेहनत रंग लाई और सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि इनमें से एक युवक की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.
गंभीर हालत में मेरठ रेफर
घटना के तुरंत बाद घायल युवक को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के मुताबिक युवक ने काफी मात्रा में पानी निगल लिया था, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई. फिलहाल उसका इलाज जारी है. बाकी तीन युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि गंगा के बीचों बीच युवक डूबते नजर आ रहे हैं. किनारे पर खड़े लोग लगातार चिल्ला रहे हैं और मदद के लिए आवाज लगा रहे हैं. कुछ ही देर बाद गोताखोर पानी में उतरते दिखाई देते हैं और फिर युवकों को पकड़कर बाहर लाने की कोशिश करते हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोग गोताखोरों की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि अगर राहत टीम कुछ मिनट देर से पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने घाट पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. गढ़ कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि चार युवक गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे. समय रहते गोताखोरों और पुलिस टीम ने उन्हें बचा लिया. उन्होंने बताया कि एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
घटना के बाद हापुड़ पुलिस ने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि गंगा स्नान करते समय लोग अक्सर उत्साह में गहरे पानी की तरफ चले जाते हैं, जिससे हादसे हो जाते हैं. प्रशासन ने लोगों से कहा है कि केवल सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और तेज बहाव वाले हिस्सों से दूर रहें. घाटों पर लगातार माइक से भी लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी जा रही है.
हर साल होते हैं ऐसे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि गढ़ गंगा और बृजघाट पर हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. लेकिन कई बार लोग चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में चले जाते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि गंगा में पानी का बहाव कई जगह अचानक बदल जाता है. ऊपर से सामान्य दिखने वाला पानी अंदर बेहद गहरा हो सकता है. यही वजह है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा बन जाती है.
देवेंद्र कुमार शर्मा