बेटी की शादी के पैसे नशे में न बहा दे पिता, पूरी फैमिली ने मिलकर कर दी हत्या

महोबा में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ, जहां एक व्यक्ति की हत्या उसके ही परिवार ने कर दी. वजह बनी बेटी की शादी के लिए जुटाए गए पैसों को लेकर डर और विवाद. पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी, बेटियों और नाबालिग बेटे ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की.

Advertisement
 पूरी फैमिली ने मिलकर कर दी शख्स की हत्या (Photo: representational image) पूरी फैमिली ने मिलकर कर दी शख्स की हत्या (Photo: representational image)

aajtak.in

  • महोबा,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:11 AM IST

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक व्यक्ति की हत्या उसके अपने ही परिवार के सदस्यों ने मिलकर कर दी. मामला पनवाड़ी थाना क्षेत्र के हैवतपुरा ब्राह्मणन गांव का है, जहां 14 अप्रैल को एक नाले में 36 वर्षीय हरनारायण प्रजापति का शव बरामद हुआ था.

Advertisement

नाले में मिली थी लाश

शुरुआत में यह मामला सामान्य हत्या का प्रतीत हुआ. मृतक के परिजनों ने ही पुलिस के पास पहुंचकर एक पड़ोसी पर शक जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. शव पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पहले ही हत्या की आशंका जताई जा रही थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं, जिनमें स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सर्विलांस टीम भी शामिल थी. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की आखिरी लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं को खंगाला, लेकिन शुरुआती तौर पर कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा.

परिजनों के बदलते व्यवहार से शक

इसी बीच पुलिस को परिजनों के व्यवहार पर शक हुआ. पूछताछ के दौरान उनके बयान बदलते नजर आए, जिससे जांच की दिशा बदल गई. सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा मामला खुलकर सामने आ गया. पुलिस के मुताबिक, हरनारायण प्रजापति को शराब और जुए की लत थी. हाल ही में उसने अपनी बेटी की शादी के लिए पशु बेचकर करीब 82,500 रुपये जुटाए थे.

Advertisement

परिजनों को आशंका थी कि वह यह पैसा भी शराब और जुए में खर्च कर देगा. इसी बात को लेकर घर में तनाव बना हुआ था. कई बार समझाने के बावजूद जब हरनारायण नहीं माना, तो परिवार ने एक खौफनाक साजिश रच डाली. आरोप है कि उसकी पत्नी, तीन बेटियों, नाबालिग बेटे और एक परिचित युवक ने मिलकर सोते समय रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

हत्या को दुर्घटना दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया गया ताकि मामला दुर्घटना या बाहरी हत्या जैसा लगे. इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और पैसे छिपा दिए गए. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल रस्सी, नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement