4 महीने चलाया चक्कर, वापस आया पति तो खत्म किया प्रेमी का खेल, ग्राइंडर से काटकर ठिकाने लगाई लाश

फतेहपुर में एक युवक की गुमशुदगी की जांच ने पुलिस को एक सनसनीखेज हत्या तक पहुंचा दिया. प्रेम संबंधों से उपजे विवाद में एक दंपति पर युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने के तरीके इंटरनेट और वीडियो प्लेटफॉर्म पर खोजे थे.

Advertisement
 महिला ने पति के साथ मिलकर खत्म किया प्रेमी का खेल (Photo: representational image) महिला ने पति के साथ मिलकर खत्म किया प्रेमी का खेल (Photo: representational image)

नीतेश श्रीवास्तव

  • फतेहपुर,
  • 02 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:13 AM IST

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक युवक की गुमशुदगी का मामला हत्या की सनसनीखेज वारदात में बदल गया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि प्रेम संबंधों को लेकर उपजे विवाद में युवक की हत्या की गई और बाद में शव को ठिकाने लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया.

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद 8 मई 2026 को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. 11 मई को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया, जिससे हमीरपुर जिले की एक महिला से विजय के लगातार संपर्क में होने की जानकारी मिली.

Advertisement

चार महीने पति नहीं था तो चलाया अफेयर

मोबाइल लोकेशन के आधार पर विजय की मोटरसाइकिल कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र से बरामद हुई. इसके बाद परिजनों ने हमीरपुर निवासी कामता प्रसाद निषाद और उसकी पत्नी किरन देवी पर विजय को बुलाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों से पूछताछ शुरू की.

जांच में सामने आया कि विजय और किरन देवी के बीच चार महीने से प्रेम संबंध थे. पुलिस के मुताबिक, जब कामता प्रसाद बाहर काम करता था, उसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. बाद में कामता के वापस आने के बाद भी विजय का संपर्क बना रहा, जिससे नाराज होकर दंपति ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

आरी और ग्राइंडर से काटी लाश

पुलिस का कहना है कि 8 मई को विजय को घर बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई. घर पर पहले से मौजूद कामता प्रसाद ने दरवाजे के चौखट से वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को छिपाया और रात में उसे ठिकाने लगाने का प्रयास किया. शव को बोरे में भरने में दिक्कत आने पर उसके शरीर को आरी और ग्राइंडर से काटा गया. इसके बाद शव को कानपुर नगर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया गया.

Advertisement

अलग-अलग फेंके जूते , कपड़े

साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते और अन्य सामान भी अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव के अवशेष, मोबाइल फोन के अवशेष, जले हुए कपड़ों के टुकड़े, आरी, ग्राइंडर ब्लेड, मोटरसाइकिल समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं, जिनकी पहचान मृतक के परिजनों ने की है.

डीएनए टेस्ट से होगी पहचान

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों के मोबाइल फोन पर अपराध, सजा और जांच से जुड़े विषयों की जानकारी खोजी गई थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, बरामद अवशेषों की अंतिम पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस का कहना है कि उपलब्ध डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है और जांच जारी है.

 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »