फतेहपुर में गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन... एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है. यहां आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव की करीब 1.77 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया है. पुलिस का कहना है कि ये प्रॉपर्टी उसने ठगी और धोखाधड़ी से अर्जित की थी. उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

Advertisement
पत्नी, बहन और सहयोगियों के नाम पर थी प्रॉपर्टी. (Photo: Screengrab) पत्नी, बहन और सहयोगियों के नाम पर थी प्रॉपर्टी. (Photo: Screengrab)

नीतेश श्रीवास्तव

  • फतेहपुर,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:02 AM IST

यूपी के फतेहपुर में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मलवां थाना पुलिस ने गैंगस्टर शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव की करीब 1 करोड़ 77 हजार 680 रुपये की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया है. 

पुलिस का कहना है कि कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव लोगों को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था. इसके अलावा उस पर धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी दर्ज हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. इसी अवैध कमाई से उसने संपत्ति अर्जित की थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कनाडा से फंडिंग, आगरा में धर्मांतरण... दाऊद अहमद पर पुलिस का बड़ा एक्शन, भोपाल का घर कुर्क करने की तैयारी

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी अवैध संपत्ति को अपने परिवार और सहयोगियों के नाम पर दर्ज कर रखा था. कुर्क की गई संपत्तियों में उसकी पत्नी प्रतिभा यादव, बहन नीलम देवी और सहयोगी आशा सिंह के नाम पर दर्ज मौजा मिठ्ठनपुर खुद्दीना स्थित अचल संपत्तियां शामिल हैं. इन सभी संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 77 हजार 680 रुपये आंकी गई है.

पुलिस का कहना है कि शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव के खिलाफ कोतवाली नगर में धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में संपत्तियों को कुर्क किया गया. अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध कमाई के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है. किसी भी सूरत में ऐसे आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement