Uttar Pradesh News: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 3 नवंबर को मथुरा जिले की छाता तहसील के शेरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित नारायणगढ़ गांव में नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी की. विभाग को सूचना मिली थी कि तस्लीम पुत्र अयूब केमिकलों के जरिए जहरीला और मिलावटी पनीर तैयार कर रहा है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी जतिन कुमार की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर मालिक तस्लीम की मौजूदगी में जांच की. टीम ने पामोलिन ऑयल, सोयाबीन दाल और व्हाइटनिंग एजेंट जैसे घातक रसायनों से बन रहे पनीर और दूध को मौके पर ही नष्ट करवा दिया.
केमिकल्स से बनाया जा रहा था पनीर
जांच के दौरान मौके पर पाया गया कि स्किम्ड मिल्क पाउडर, रानीपाल (व्हाइटनिंग एजेंट), पापड़ी (सोडियम हाइड्रो सल्फाइट), रिफाइंड पामोलिन ऑयल और सोयाबीन दाल मिलाकर पनीर तैयार किया जा रहा था.
टीम ने मौके से पनीर, दूध, 75 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 60 किलो सोयाबीन दाल, 225 किलो पामोलिन ऑयल, 1200 ग्राम पापड़ी और 500 ग्राम रानीपाल केमिकल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं.
लाखों का दूषित सामान कराया नष्ट
कार्रवाई के दौरान 87,500 रुपये मूल्य का 350 किलो दूषित पनीर और 1,80,000 रुपये कीमत का 3000 लीटर मिलावटी दूध मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. बाकी अन्य बची सामग्रियों को सीज कर दिया गया है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि तस्लीम मिल्क प्रोडक्ट के मालिक तस्लीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है.
मदन गोपाल शर्मा