एक गली... दो घर... बीच में एक दीवार... और उसी दीवार ने एक परिवार की कहानी को खून से रंग दिया. उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में मंगलवार सुबह ऐसा कत्ल हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया. एक चचेरे भाई ने दूसरे चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए. कुछ ही मिनटों में 54 साल के विनय कुमार ऋषीश्वर उर्फ वकील की मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह पुलिस की गिरफ्त में जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहता सुनाई देता है कि मैंने अपने पिता की मौत का बदला ले लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे विनय कुमार अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे. तभी घर के सामने गली में पहले से मौजूद उनके चचेरे भाई रामकुमार ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. सिर और शरीर पर कई वार किए गए. विनय को संभलने का मौका ही नहीं मिला. मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: 40 साल जमानत पर रहा, अब 82 साल की उम्र में जेल जाएगा: भाई की हत्या के दोषी बुजुर्ग की अपील हाई कोर्ट ने खारिज की
जब तक परिजन बाहर निकलकर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुका था. दोनों सगे ताऊ-चाचा के बेटे थे और उनके घर अगल-बगल बने हुए हैं. लंबे समय से दोनों परिवारों के बीच घर के पास एक दीवार को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि जिस जगह पर विनय दीवार बनवाकर छत डालना चाहते थे, उसी जमीन पर आरोपी अपना दावा कर रहा था.
घटना से पहले हुए झगड़े का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी के हाथ में कुल्हाड़ी दिखाई दे रही है. वहीं हत्या के बाद पुलिस हिरासत में उसका एक और वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वह दावा करता है कि उसके पिता की मौत के लिए मृतक के पिता जिम्मेदार थे और उसने उसी का बदला लिया है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई.
इटावा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी रामकुमार को पकड़ लिया. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अमित तिवारी