आगरा से फोन किया- ट्रेन छूट गई है... फिर गायब हो गया, अगले दिन नहर में मिले युवक और महिला के शव

एटा का रहने वाला जितेंद्र मुंबई जाने के लिए निकला था. आखिरी बार उसने परिवार को फोन कर बताया कि आगरा कैंट स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके बाद संपर्क टूट गया. अगले दिन फिरोजाबाद की भुड़ा नहर से उसका और एक महिला का शव बरामद हुआ. अब पुलिस दोनों मौतों के बीच कनेक्शन तलाश रही है.

Advertisement
फोन कॉल के बाद लापता हो गया था युवक. (Photo: Representational) फोन कॉल के बाद लापता हो गया था युवक. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • फिरोजाबाद,
  • 20 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:43 AM IST

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक युवक घर से मुंबई जाने के लिए निकला. रास्ते में उसने परिवार को फोन किया और बताया कि आगरा कैंट स्टेशन से उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके बाद उसका फोन बंद हो गया. परिवार को लगा कि वह किसी दूसरी ट्रेन से मुंबई चला गया होगा. लेकिन अगले दिन जो खबर मिली, उसने सबको हिला दिया.

Advertisement

शुक्रवार की शाम शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नगला प्रभु गांव के पास भुड़ा नहर में दो शव उतराते हुए दिखाई दिए. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया और पहचान की कोशिश शुरू की.

युवक की पहचान एटा जिले के सेनुआ गांव के रहने वाले 26 साल के जितेंद्र के रूप में हुई. उसके पास मिले आधार कार्ड और पर्स से पुलिस ने शिनाख्त की. जब पुलिस ने परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि जितेंद्र मुंबई में अपने भाई के साथ शटरिंग मजदूर का काम करता था. वह बुधवार को घर से मुंबई जाने के लिए निकला था.

परिजनों के मुताबिक, रास्ते में जितेंद्र ने फोन कर बताया था कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका. परिवार लगातार फोन मिलाता रहा, लेकिन मोबाइल बंद आता रहा. अब नहर से उसका शव मिलने के बाद परिवार सदमे में है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 7.93 लाख फॉलोअर्स... और सोच दहेज वाली! लखनऊ में इन्फ्लुएंसर की पत्नी का मिला शव; दहेज में कार न मिलने पर हत्या का आरोप

लेकिन इस कहानी में एक और किरदार है. उसी नहर से एक महिला का शव भी बरामद हुआ. बाद में उसकी पहचान 28 वर्षीय फूलन देवी के रूप में हुई, जो जसराना क्षेत्र के नगला फकीरा गांव की रहने वाली थी. अब सवाल यही है कि क्या जितेंद्र और फूलन देवी एक-दूसरे को जानते थे? अगर जानते थे तो दोनों एक साथ नहर तक कैसे पहुंचे? और अगर नहीं जानते थे, तो फिर दोनों के शव एक ही जगह कैसे मिले?

क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और मामले की असली तस्वीर साफ हो सकेगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच कोई संबंध था या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला हादसे का है, आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ही बताएगी कि यह महज संयोग था या फिर इसके पीछे कोई ऐसी कहानी है, जो अभी सामने आना बाकी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »