UP News: एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र में मोहर्रम का जुलूस मातम में बदल गया. यहां ताजिया जुलूस अपने तय रास्ते से गुजर रहा था, तभी वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. देखते ही देखते करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में चार लोग करंट की चपेट में आ गए.
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है.
यहां देखें Video
घटना के बाद शोक का माहौल हो गया. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं जुलूस में शामिल लोग भी इस हादसे से सदमे में हैं. इस बीच स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.
उनका आरोप है कि जिस मार्ग से हर साल ताजिया जुलूस गुजरता है, वहां मौजूद हाईटेंशन लाइन को लेकर पहले से एहतियाती इंतजाम किए जाने चाहिए थे. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उपाय किए गए होते, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था.
यह भी पढ़ें: UP: देवरिया में ताजिया जुलूस में फिलिस्तीनी झंडे वाली टी-शर्ट पहनने पर 4 गिरफ्तार
इस मामले को लेकर एटा के एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. जांच के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटे हैं. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई. वहीं तीनों घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
देवेश पाल सिंह