उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में शोभायात्रा के दौरान विवाद हो गया. आरोप है कि दूसरे समुदाय के युवकों ने शोभायात्रा में वानर बने बच्चे के ऊपर गर्म चाय फेंक दी. वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि झांकी में शामिल होने जा रहे बच्चे ने ठेले से फल उठा लिया था, इसी को लेकर विवाद हो गया. शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह नहीं फैलाई जाए.
जानकारी के अनुसार, यह मामला शिवली कोतवाली क्षेत्र के मैथा बाजार का है. यहां बुढ़वा मंगल के मौके पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी. इसमें कई बच्चे वानर के भेष में थे. लोगों का आरोप है कि शोभायात्रा के दौरान दूसरे समुदाय के युवक ने वानर रूप रखे बच्चे पर चाय गर्म फेंक दी, जिससे वह बच्चा झुलस गया. इसके बाद विवाद होने लगा. मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया.
हिंदू संगठनों ने किया थाने में प्रदर्शन
बच्चे पर चाय फेंकने की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया. इनमें शानू, मोहम्मद उमर और इमरान नाम के युवकों पर कार्रवाई की गई है. पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है.
कथा वाचक प्रदीप मिश्रा ने की दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शोभायात्रा में शामिल राष्ट्रीय कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने बताया कि दो सौ साल से लगातार बुढ़वा मंगल को धूमधाम से शोभायात्रा मैथा से निकाली जा रही है. यह पहली बार हुआ है कि जब शोभायात्रा के दौरान कुछ तथाकथित लोगों ने वानर रूप रखे बच्चे पर चाय फेंक दी. प्रशासन से मांग है कि वह सख्त कार्रवाई करे.
अफवाह नहीं फैलाएं लोग: एडिशन एएसपी
इस मामले में पुलिस का कहना है कि झांकी में शामिल होने जा रहे बच्चे का फल का ठेला लगाए शानू से फल उठाने को लेकर विवाद हो गया था. शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. एडिशन एएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाह ना फैलाएं.
सूरज सिंह