उत्तर प्रदेश के देवरिया में रात के वक्त बाइक से घर लौट रहे दो युवकों की हत्या कर दी गई. दोनों रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास पहुंचे थे, तभी उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में दोनों की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. सड़क से गुजर रहे लोगों ने दोनों को घायल हालत में देखा, तो पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
मामला मईल थाना क्षेत्र का है. मृतकों की पहचान विनय यादव और वकील यादव के रूप में हुई है. विनय ईटहुआ हजाम गांव के रहने वाले थे, जबकि वकील यादव करजहा के रहने वाले थे. दोनों रात में बाइक से लार की तरफ गए थे. वहां से घर लौटते वक्त उनके साथ यह वारदात हो गई.
दो लोगों की हत्या की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर भी घटनास्थल पर पहुंचे. शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है. हालांकि, दोनों युवकों की हत्या क्यों की गई और हमलावर कौन थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
लार की तरफ गए थे दोनों युवक, लौटते वक्त हमला
पुलिस के मुताबिक, विनय यादव और वकील यादव रात में बाइक से लार की तरफ गए थे. वहां से वापस लौट रहे थे. आधी रात के आसपास जब वे रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास पहुंचे, तभी अज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले के बाद दोनों सड़क पर घायल हालत में पड़े थे.
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर उन पर पड़ी. उन्होंने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों की हालत देखी. लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की गई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवकों पर हमला किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में मोनिश हत्याकांड का खुलासा, मुख्य शूटर रेहान समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, दो पिस्तौल बरामद
दो युवकों की हत्या की सूचना मिलने पर देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मामले की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. एसपी ने बताया कि डायल 112 के जरिए मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो लोगों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी.
पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों की मौत हो चुकी थी. उनकी पहचान वकील यादव, पुत्र राजदेव यादव और विनय यादव, पुत्र रामछबीला यादव के रूप में हुई. दोनों मईल थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. एसपी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला हत्या का लग रहा है. परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच और आरोपियों की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई हैं.
फिलहाल, इस दोहरे हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों युवकों की हत्या क्यों की गई. क्या हमलावर पहले से उनकी राह देख रहे थे या फिर रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था? अभी इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं. पुलिस ने भी हत्या की वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है. पुलिस आरोपियों की पहचान करने और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है. जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि दोनों युवकों पर हमला किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे कौन लोग थे.
राम प्रताप सिंह