उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. जहां एक बेटी ने इसलिए अपने प्रेमी के साथ अपने पिता की हत्या कर दी क्योंकि उसके पिता ने उसे प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस घटना ने इलाके में सनसनी फैलाकर रख दी है. फिलहाल जघन्य हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
मजदूरी करके परिवार का पेट पालते थे कृष्णा
छावनी थाना क्षेत्र में 52 वर्षीय कृष्णा की हत्या के मामले में उनकी 17 वर्षीय बेटी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पिता इस रिश्ते का विरोध करते थे. शुक्रवार को गन्ने के खेत में पिता ने बेटी और उसके प्रेमी को साथ देख लिया. आरोप है कि विवाद के बाद दोनों ने मिलकर कृष्णा पर हमला कर दिया और उसका गला घोंट दिया. जिससे उनकी मौत हो गई. हत्या के बाद शव को नहर में छिपाने का भी आरोप है.
फिलहाल पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. कृष्णा मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे. पुलिस के अनुसार उनकी 17 वर्षीय बेटी दुर्गा उर्फ लाडली का पड़ोसी गांव बभरौली निवासी लक्ष्मण से करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसका वह विरोध करते थे और यही वजह थी कि वो बेटी की शादी भी दूसरी जगह करने की बात कर रहे थे, लेकिन नाबालिग होने के कारण शादी नहीं हो पा रही थी.
हत्या के बाद नहर में दफना दिया शव
शुक्रवार को बेटी अपने प्रेमी से मिलने उसके घर गई थी. शाम के वक्त दोनों बभरौली गांव के पास कब्रिस्तान के नजदीक गन्ने के खेत में मौजूद थे. इसी दौरान कृष्णा बकरी चराते हुए वहां पहुंच गए. आहट होने पर उन्होंने दोनों को देख लिया और विरोध किया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कृष्णा ने लग्गी से लक्ष्मण पर वार किया, लेकिन वह बच गया. इसके बाद दोनों ने मिलकर कृष्णा पर हमला कर दिया और उसका गला घोंट दिया, जिससे कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद शव को गमछे से बांधकर पास की नहर में छिपा दिया गया.
देर शाम तक कृष्णा घर नहीं पहुंचे तो भतीजे अजय ने उनकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो अजय ने दुर्गा से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हत्या का राज सामने आया और बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई.
रवि गुप्ता