लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी के घर बुलडोजर एक्शन! डिप्टी CM ने दिया अर्थी को कंधा; अब तक 6 गिरफ्तार

लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर को एलडीए ने सील कर दिया है और सड़क पर बने अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया गया है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement
लखनऊ हत्याकांड: पीड़ित के घर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Photo- ITG)  लखनऊ हत्याकांड: पीड़ित के घर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Photo- ITG)

aajtak.in

  • लखनऊ ,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:55 AM IST

लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता में पार्किंग और चबूतरे के विवाद के चलते सोमवार को ऋषभ शुक्ला ने अपने परिवार के साथ मिलकर तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ, उसके पिता, चाचा और बहनों को गिरफ्तार कर लिया है. प्रशासन ने मंगलवार शाम आरोपी के घर को सील कर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आश्वासन और एक परिवारिक सदस्य को नौकरी व पढ़ाई के ऐलान के बाद परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार किया. लापरवाही पर इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज निलंबित हुए हैं.

Advertisement

आरोपी का घर सील और बुलडोजर एक्शन

बीती रात लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की प्रवर्तन टीम भारी पुलिस बल के साथ मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पहुंची. नजूल की जमीन और सड़क पर कब्जा कर बनाए गए अवैध निर्माण को एलडीए ने ध्वस्त कर दिया और मकान को चारों तरफ से सील कर दिया गया. बताया जा रहा है कि परिवार कोई भी वैध नक्शा या दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके अलावा पुलिस टीम क्रेन लेकर आरोपी के घर पहुंची और उसकी कार को खींचकर सआदतगंज थाने ले आई.

डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार

नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और मांगों को लेकर प्रदर्शन किया तथा अशरफाबाद चौराहे पर जाम भी लगाया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंगलवार शाम पीड़ित परिवार से बातचीत की. उन्होंने परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में नौकरी और मृतक शंभू तिवारी की बेटी की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का ऐलान किया. इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच गुलालाघाट पर तीनों शवों का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. डिप्टी सीएम ने अर्थी को कंधा दिया. उनके साथ बीजेपी नेता नीरज सिंह भी थे. 

Advertisement

लापरवाही पर पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज

इस तिहरे हत्याकांड ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. पुलिस आयुक्त तरुन गाबा ने सआदतगंज के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला के चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस पर अपराधियों से मिलीभगत के गंभीर आरोप भी लगाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »