Uttar Pradesh News: आगरा के सिद्धार्थ नगर में एक किरायेदार सुनील कुमार ने अपने मकान मालिक की 8 साल की बेटी प्रज्ञा की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने मासूम का अपहरण करने के बाद उसकी जान ली और शव को कमरे में रखे आटे के कनस्तर में छिपा दिया. पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जब तलाश शुरू की, तब इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. वहीं, घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाकर वाहनों में तोड़फोड़ की. फिलहाल, पुलिस की 10 टीमें मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हैं.
विश्वास का कत्ल और इलाके में भारी तनाव
दिनेश कुमार के घर में रहने वाला किरायेदार सुनील, जो उनकी जूते की फैक्ट्री में काम भी करता था, उसने इस वारदात को अंजाम दिया. सुनील पिछले कई महीनों से किराया भी नहीं दे रहा था. जब मंगलवार से प्रज्ञा लापता हुई, तो पुलिस और परिजनों को सुनील पर शक हुआ. तलाशी के दौरान उसके कमरे से मासूम की लाश बरामद हुई. खबर फैलते ही इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया.
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी अली अब्बास सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है. पुलिस ने अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सुनील की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे सिद्धार्थ नगर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
नितिन उपाध्याय