UP News: बिजनौर में बैंक के अंदर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक बैंक कर्मचारी दूसरे कर्मचारी को लात मारता नजर आ रहा है. लात लगते ही दूसरा कर्मचारी जमीन पर गिर जाता है और बेहोश हो जाता है. घटना के बाद बैंक के अंदर हुई इस मारपीट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
यह मामला नजीबाबाद स्थित इंडियन बैंक की शाखा का है. घटना 6 अक्टूबर 2026 की बताई गई है. मामले में बैंक के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर गौरव सिंह ने शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार पर मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं, घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, और इस पूरे मामले की जांच नजीबाबाद क्षेत्राधिकार कर रहे हैं.
शिकायत की जांच के लिए शाखा में बुलाए जाने का दावा
गौरव सिंह के अनुसार, वह इंडियन बैंक की नजीबाबाद शाखा में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. वह उस समय जॉइनिंग लीव पर थे. 6 अक्टूबर को उन्हें अपने खिलाफ की गई एक शिकायत के संबंध में पूछताछ के लिए बैंक की शाखा में बुलाया गया था.
उनका आरोप है कि इसी दौरान शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार ने उनके साथ अभद्रता की. गौरव का कहना है कि उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और उन्हें अपमानित किया गया. उन्होंने शाखा प्रबंधक पर हाथापाई और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है.
लात मारने के बाद जमीन पर गिरा कर्मचारी
वायरल वीडियो में एक कर्मचारी दूसरे कर्मचारी को लात मारता दिखाई दे रहा है. लात लगने के बाद दूसरा कर्मचारी जमीन पर गिर जाता है और बेहोश होता नजर आता है. इस घटना को बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात शिकायत में कही गई है.
गौरव सिंह ने अपनी शिकायत में बताया है कि मारपीट की घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है.देखें VIDEO:-
जान से मारने और चेन्नई ट्रांसफर कराने की धमकी का आरोप
गौरव सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि शाखा प्रबंधक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. उनका दावा है कि उन्हें पहले भी कई बार धमकियां दी गई थीं. उन्होंने चेन्नई ट्रांसफर कराने की धमकी दिए जाने की बात भी कही है.
गौरव का आरोप है कि बैंक में नियमों के खिलाफ काम करने से मना करने के कारण उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था और उनके खिलाफ शिकायतें की जा रही थीं. उन्होंने दावा किया है कि धमकियों से जुड़ी कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद हैं.
पुलिस को दी शिकायत, कार्रवाई की मांग
गौरव सिंह ने 7 अक्टूबर 2026 को थाना नजीबाबाद में शिकायत देकर शाखा प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, और अब इस पूरे मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, और इस पूरे मामले की जांच अब नजीबाबाद क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं.
ऋतिक राजपूत