बिजनौर के ग्राम इनामपुरा में रहने वाले अरविंद ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. मृतक अरविंद की शादी 14 महीने पहले बिजनौर शहर के मोहल्ला घेर रामबाग निवासी ओमप्रकाश की बेटी प्रीति से हुई थी. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन बनी रही.
जनवरी माह में विवाद के चलते प्रीति अपने मायके चली गई थी. इसके बाद अरविंद और प्रीति के परिवार के बीच कई बार समझौते की कोशिशें हुईं. हालांकि किसी भी वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका. मंगलवार को अरविंद को समझौते के लिए बुलाया गया था. अरविंद अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल गया, लेकिन दोनों पक्षों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं हो सका.
पत्नी से विवाद के चलते टूटा अरविंद का हौसला
ससुराल पक्ष ने अपनी बेटी को अरविंद के साथ भेजने से इंकार कर दिया. इस बात से आहत होकर अरविंद ने जहरीला पदार्थ खा लिया. शाम को जब वह घर पहुंचा तो उल्टी शुरू हो गई. स्थिति गंभीर होने पर परिवार ने उसे बिजनौर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गई.
मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अरविंद को जहरीला पदार्थ देकर मारा. हालांकि पुलिस का कहना है कि अरविंद और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और पत्नी को साथ नहीं भेजे जाने से आहत होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया. पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पत्नी को साथ न भेजने पर उठाया खौफनाक कदम
अरविंद की एक ढाई माह की बच्ची भी है. बच्ची इस समय अपनी मां के साथ है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. पड़ोसी और गांववाले इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं. मृतक के पिता मदन सिंह ने कहा कि उनकी आंखों का तारा चला गया और परिवार में गहरा शोक है.
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि मौत आत्महत्या थी या कोई अन्य कारण शामिल था. पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है.
घटना ने स्थानीय लोगों को भी चिंतित कर दिया है. गांव में लोगों का कहना है कि परिवार और ससुराल के बीच बेहतर संवाद और समझौता नहीं होने से इस प्रकार की घटना हुई. समाज में इस घटना ने पति-पत्नी के बीच विवाद और पारिवारिक कलह की गंभीरता को उजागर किया है.
परिजनों ने लगाया ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
बिजनौर के प्रशासन ने भी मामले की निगरानी शुरू कर दी है और आवश्यक कदम उठाने की तैयारी में है. इस दुखद घटना ने गांव और आसपास के लोगों को सदमा पहुंचाया है और परिवार को मानसिक सहारा देने की जरूरत है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
संजीव शर्मा (बिजनौर)