उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने पत्नी के चरित्र पर शक और लगातार हो रहे घरेलू विवाद के कारण मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई सफेद चार्जर केबल और मृतका का क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई की सुबह सुरियावां क्षेत्र के संजय नगर बाजार, दशवतपुर स्थित एक किराए के मकान में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी. मृतका की पहचान शिवानी उर्फ आरती के रूप में हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया.
मृतका के परिवार ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
जांच में पता चला कि शिवानी की शादी करीब पांच वर्ष पहले प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र निवासी रत्नेश कुमार से हुई थी. शादी के बाद दोनों सुरियावां में किराए के मकान में रह रहे थे. मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था और कई बार जान से मारने की धमकियां भी दी गई थीं. इसी आधार पर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच आगे बढ़ाई.
पूछताछ में आरोपी रत्नेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी आर्केस्ट्रा में डांस करती थी. उसे शक था कि पत्नी के अन्य पुरुषों से संबंध हैं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने मोबाइल चार्जर की केबल से पत्नी का गला घोंट दिया. दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हाईवे पर ले जाकर तोड़ दिया पत्नी का मोबाइल
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने मृतका का मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिया और स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गया. रास्ते में उसने मोबाइल हाईवे पर फेंककर तोड़ दिया, ताकि उससे जुड़े सबूत न मिल सकें. हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर किराए के कमरे से हत्या में प्रयुक्त चार्जर की केबल और मृतका का टूटा हुआ रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. मामले में साक्ष्यों को संकलित करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पुलिस दहेज प्रताड़ना के आरोपों की भी अलग से जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके.
महेश जायसवाल