बस्ती में दारोगा की दबंगई: बाइक पर किसी ने थूका तो बेगुनाह मासूम को बेरहमी से पीटा, SP ने लिया एक्शन

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक दारोगा ने खाकी को शर्मसार कर दिया. बाइक पर पान की पीक देख गुस्साए एसआई ने मानसिक रूप से बीमार एक नाबालिग की बेरहमी से पिटाई कर दी और उससे गाड़ी साफ कराई. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने आरोपी दारोगा को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है.

Advertisement
दारोगा की पिटाई से सदमे में मासूम (Photo- Screengrab) दारोगा की पिटाई से सदमे में मासूम (Photo- Screengrab)

संतोष सिंह

  • बस्ती ,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:52 AM IST

बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी बाजार में तैनात एसआई शैलेंद्र सिंह ने एक मानसिक रूप से बीमार नाबालिग विकास कुमार को अपनी बाइक पर थूकने के शक में बुरी तरह पीट दिया. यह घटना तब हुई जब दारोगा की बाइक पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पान खाकर थूक दिया था. बच्चे द्वारा अनभिज्ञता जताने पर एसआई ने उसे गालियां दीं और अमानवीय व्यवहार करते हुए उससे अपनी बाइक साफ करवाई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और एसपी यशवीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई की.

Advertisement

मासूम की दवा चल रही है गोरखपुर से

पीड़ित नाबालिग विकास कुमार के पिता गौतम कुमार बनकटी बाजार में गन्ने के जूस का ठेला लगाते हैं. विकास मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है. पिता ने बताया कि वह बच्चे को ठेले पर बिठाकर किसी काम से गए थे, तभी वहां आए दारोगा शैलेंद्र सिंह ने अपनी झल्लाहट मासूम पर निकाल दी. इस पिटाई से बच्चा गहरे सदमे में है और लगातार रो रहा है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रोते बच्चे का वीडियो

इस अमानवीय कृत्य का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसमें बच्चा रो-रोकर दारोगा की करतूत बयां कर रहा है. वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों का कहना है कि जिस खाकी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही रक्षक 'भक्षक' बन गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया.

Advertisement

एसपी यशवीर सिंह का बड़ा एक्शन

मामला संज्ञान में आते ही एसपी यशवीर सिंह ने आरोपी एसआई शैलेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. डिप्टी एसपी कुलदीप यादव ने पुष्टि की है कि दारोगा का यह आचरण पुलिस विभाग की नियमावली के विरुद्ध है. आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement