Uttar Pradesh News: बरेली जिले की थाना भोजीपुरा पुलिस ने ग्राम सैदपुर प्यारेलाल स्थित एक आम के बाग में मुर्गों की लड़ाई पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर यह छापेमारी की. पुलिस ने मौके से मकसूद खां, अख्तर खां, साजिद, पप्पू मौर्य, तेजपाल और भुलइया को दबोचा. पुलिस टीम ने इन जुआरियों के पास से 2910 रुपये नकद बरामद करने के साथ ही मौके से 7 लड़ाकू मुर्गों को भी अपनी हिरासत में ले लिया.
आम के बाग में चल रहा था जुआ
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मुर्गों की लड़ाई कराकर बड़े पैमाने पर जुए का खेल खेला जा रहा था. पुलिस को सूचना मिलते ही जब टीम ने बाग को चारों तरफ से घेरा, तो वहां हड़कंप मच गया.
पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन छह मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
सरगना राजा की तलाश में पुलिस
पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया है कि सैदपुर प्यारेलाल का रहने वाला राजा नामक व्यक्ति इस पूरे 'मुर्गा युद्ध' का मुख्य सरगना है, जो इस अवैध अड्डे को आयोजित करता था. गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि वे राजा के बुलावे पर ही यहां बाजी लगाने पहुंचे थे. फिलहाल राजा मौके से फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है. एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों पर पशु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
कृष्ण गोपाल राज