उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक सनकी अधेड़ ने मामूली विवाद में आइसक्रीम बेचने वाले युवक की सिर काटकर निर्मम हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात के बाद आरोपी सिर को पास में स्थित घर ले गया और वहां जल रहे चूल्हे में उसे जलाना शुरू कर दिया.
मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के तराई इलाके का है. जहां घाघरा नदी पार स्थित परसावल गांव के पास दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया गया. मृतक की पहचान बबलू राजभर (26) के रूप में हुई है, जो बेहटा थाना दरियाबाद क्षेत्र का रहने वाला था. वह हाल ही में करीब तीन दिन पहले ही साइकिल पर आइसक्रीम का डिब्बा रखकर बेचने का काम शुरू किया था.
यह भी पढ़ें: UP: जमीन विवाद में पिता की हत्या, बेटों ने कुल्हाड़ी से काट डाला
बताया जा रहा है कि बबलू अपने 12 साल के चचेरे भाई नीरज के साथ गांव में बर्फ बेचने आया था. बबलू के चार भाई और 4 बहने थीं. टिकैतनगर के लोगों ने बताया कि आइसक्रीम बिक्री के दौरान गांव के रहने वाले शंकर यादव (50) ने बबलू को रोका और आइसक्रीम मांगी. आइसक्रीम खाने के बाद जब बबलू ने पैसे मांगे तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
पुलिस ने बरामद किया जला हुआ सिर
आरोप है कि शंकर ने पहले उसे वहां आवाज लगाकर बेचने से मना किया और धमकी दी कि अगर दोबारा आवाज लगाई तो जान से मार देगा. इसके बावजूद जब बबलू नहीं माना और आइसक्रीम का पैसा मांग कर जोर-जोर से आइसक्रीम भी बेचने लगा. इस पर शंकर पास में बने घर से धारदार हथियार (बांका) लेकर आया और उसकी गर्दन पर कई वार कर दिया. हमले में बबलू का सिर धड़ से अलग हो गया.
वारदात यहीं खत्म नहीं हुई. आरोप है कि हत्या के बाद शंकर बबलू के सिर को पास स्थित घर ले गया. इसके बाद वहां जल रहे चूल्हे में उसे जलाना शुरू कर दिया. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस खौफनाक घटना से इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए.
दो साल पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी शंकर यादव खेती करता है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है. उसकी पत्नी और बच्चों ने भी उसे घर से निकाल दिया था और वह खेत में ही रहता था. बताया यह भी जा रहा है कि वह दो साल पहले भी जेल जा चुका है.
फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत होता है. मृतक का सिर जला हुआ मिला है और पूरे मामले में जांच जारी है.
सैयद रेहान मुस्तफ़ा