उत्तर प्रदेश के बांदा में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां थाना परिसर के अंदर पुलिस अभिरक्षा में रखा रेप और पॉक्सो एक्ट का आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया. आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी पलाश बंसल ने आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं. एसओजी और सर्विलांस की टीमें भी उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मलखान के खिलाफ अप्रैल 2026 में 13 वर्षीय एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में केस दर्ज किया गया था. शनिवार को पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया. उसके बयानों के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: बांदा: झाड़-फूंक के नाम पर 13 साल की बच्ची से रेप, 55 साल का तांत्रिक गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद मलखान को बिसंडा थाने लाया गया था. वहां पुलिसकर्मी उससे संबंधित लिखापढ़ी कर रहे थे और उसे निगरानी में रखा गया था. इसी दौरान वह मौका पाकर हथकड़ी लगाए हुए ही थाने से भाग निकला. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जब इसकी जानकारी हुई तो अफरा-तफरी मच गई. उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी.
पुलिस को चकमा देकर थाने से भागा आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी. एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर चार टीमें लगाई गई हैं. थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था.
थाने के अंदर से हथकड़ी लगाए आरोपी के फरार होने से पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि पुलिस अभिरक्षा में मौजूद आरोपी आखिर थाने से कैसे भाग निकला. मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है.
डिप्टी एसपी बोले- जल्द गिरफ्तार किया जाएगा आरोपी
डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि नाबालिग लड़की को भगाने वाले अभियुक्त के खिलाफ थाना बिसंडा में मुकदमा संख्या 172/26 दर्ज था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाने में निगरानी में रखा था, लेकिन वह मौका देखकर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगा दी गई हैं. फरार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सिद्धार्थ गुप्ता