बागपत के वंदना चौराहे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, एक मामले में विरोध में प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं से एक सिपाही की बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया. मामला इतना बढ़ा कि भीड़ के बीच सिविल ड्रेस में मौजूद सिपाही संदीप को घेरकर न सिर्फ धक्का-मुक्की की गई, बल्कि उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसने पुलिस और प्रशासन दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है.
पहले की मारपीट, फिर फाड़े कपड़े
बताया जा रहा है कि बजरंग दल कार्यकर्ता एक मामले के विरोध में पुतला लेकर जा रहे थे. इसी दौरान सिविल ड्रेस में तैनात सिपाही संदीप ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे कार्यकर्ता भड़क उठे. देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और चौराहे पर मौजूद भीड़ के सामने सिपाही के साथ मारपीट शुरू हो गई. हालात इतने बिगड़ गए कि उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए.
मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सिपाही को भीड़ से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई. लेकिन तब तक वीडियो बन चुका था, जो अब वायरल होकर पूरे मामले को सुर्खियों में ले आया है. घटना के बाद बजरंग दल के नेताओं ने उल्टा सिपाही पर ही कार्रवाई की मांग करते हुए उसे सस्पेंड करने की मांग उठाई है. उनका आरोप है कि सिपाही ने बिना वजह हस्तक्षेप कर माहौल बिगाड़ा.
पुलिस ने वीडियो की जांच कराने की कही बात
बागपत पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक (पूर्व ट्विटर) पर ट्वीट कर जांच की बात कही है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.
विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री संजय ने कहा कि हम सब कार्यकर्ता एक मामले को लेकर विरोध कर रहे थे और पुतला दहन करने गए थे. तभी एक सिपाही ने आकर हमारे साथ बदतमीजी की और धक्कामुक्की करने लगा. उसे तुरंत सस्पेंड किया जाए. हमने अधिकारियों से शिकायत की है.
मनुदेव उपाध्याय