अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. प्रशासन ने पूरे परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. एसपी-सिक्योरिटी बलरामाचारी दुबे ने बताया कि मंदिर परिसर में सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है.
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए खासकर वीकेंड पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी श्रद्धालु को बिना दर्शन के वापस न लौटना पड़े, इसके लिए दर्शन समय भी बढ़ाया गया है. मंदिर और पूरे अयोध्या शहर को अत्याधुनिक CCTV कैमरों से कवर किया गया है. इनमें कई AI आधारित कैमरे भी शामिल हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखते हैं.
राम मंदिर की सुरक्षा हाई अलर्ट पर
सर्विलांस टीम, बीडीएसएस, साइबर सेल और एंटी-सबोटाज टीमें लगातार सक्रिय हैं. समय-समय पर मॉक ड्रिल भी की जा रही है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके. राम मंदिर की 3.5 किलोमीटर लंबी नई सुरक्षा दीवार का निर्माण तेजी से चल रहा है.
नई सुरक्षा दीवार और वॉच टावर
इसके साथ ही सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए वॉच टावर भी बनाए जा रहे हैं. रामनगरी में श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है, जहां तकनीक और सतर्कता मिलकर भक्तों को सुरक्षित वातावरण प्रदान कर रही है.
मयंक शुक्ला