अयोध्या राम मंदिर से जुड़े जमीन विवाद के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह आज लखनऊ पहुंचे हैं. वो अपने साथ इस घोटाले से जुड़े कई पुख्ता सबूत लेकर आए हैं.
लखनऊ पहुंचने के बाद 'आज तक' से खास बातचीत में संजय सिंह ने कई अहम बातें कहीं. उन्होंने बताया कि उनके पास जमीनों के घोटाले से जुड़े बेहद अहम दस्तावेज मौजूद हैं.
आज तक से बात करते हुए आप सांसद संजय सिंह ने कहा, 'मेरे पास ये पूरे जमीन घोटाले के सबूत हैं. कुल 13 जमीनों के दस्तावेज हैं और 2 जमीन ऐसी हैं जिनके मामले आपस में जुड़े हुए हैं.'
एक दर्जन से ज्यादा संपत्तियों के कागजात लेकर पहुंचे
संजय सिंह आज लखनऊ के मंडलायुक्त (डिवीजनल कमिश्नर) विजय विश्वास पंत से मुलाकात करेंगे. वो मंडलायुक्त को राम मंदिर ट्रस्ट में हुए इस घोटाले के सारे सबूत सौंपेंगे. संजय सिंह अपने साथ राम मंदिर ट्रस्ट की खरीदी गई एक दर्जन से ज्यादा संपत्तियों के जरूरी कागजात लेकर पहुंचे है. इन कागजातों के आधार पर वो जांच को आगे बढ़ाने की मांग करेंगे.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा केस: सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई की मांग ठुकराई, आगे क्या?
संजय सिंह आज ही इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) के सामने भी पेश होंगे. वो SIT के सामने अपना बयान दर्ज कराएंगे और अपने साथ लाए गए सभी सबूत और दस्तावेज जांच टीम को सौंप देंगे.
करीबियों को फायदा पहुंचाने का आरोप
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट ने जमीनों की खरीद में भारी भेदभाव किया है. उनके मुताबिक, जो जमीनें राम मंदिर के बिल्कुल करीब थीं, उन्हें बहुत ही सस्ते दामों पर खरीदा गया है. दूसरी तरफ, जो जमीनें मंदिर से काफी दूर थीं, उन्हें बहुत महंगे दामों में खरीदा गया. उनका आरोप है कि ये दूर की जमीनें ट्रस्ट के करीबियों की थीं. इस तरह ट्रस्ट के करीबियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया है.
संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के चेयरमैन को एक लेटर लिखा है. इसमें उन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की जमीन की खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. उन्होंने कई जमीन के लेन-देन की जांच की मांग की है. उन्होंने दावा किया है कि ट्रस्ट ने कई प्रॉपर्टीज को दूसरी पार्टियों के खरीदने के तुरंत बाद काफी ज्यादा कीमत पर खरीदा था.
संजय सिंह ने SIT से अटैच किए गए डॉक्यूमेंट्स की जांच करने और जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
संतोष शर्मा