Uttar Pradesh News: मेरठ जिले के नौचंदी थाने से 2 नवंबर को साल 2014 के चोरी के मुकदमे का वारंटी आरोपी अरशद उर्फ जोजो पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया था. हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर नौचंदी ग्राउंड के पास की गई घेराबंदी में उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिससे भागने के चक्कर में गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई. पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.
थाने से कैसे हुआ था फरार?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी अरशद उर्फ जोजो पुत्र शाकिर ढवाई नगर की गली नंबर-7 (नौचंदी) का रहने वाला है. 2 नवंबर की सुबह वह नौचंदी थाने में पुलिस अभिरक्षा में मौजूद था. इसी दौरान वह बड़ी चालाकी से अपने हाथ से हथकड़ी निकालकर थाने के कार्यालय से फरार हो गया था. इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और तुरंत उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए टीमें गठित की गईं.
पुलिस टीमों का गठन और मुठभेड़
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश और एसपी सिटी के निर्देशन में एएसपी/सीओ सिविल लाइन के पर्यवेक्षण में नौचंदी पुलिस की तीन विशेष टीमें बनाई गईं. जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नौचंदी ग्राउंड में छिपा हुआ है. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जिस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी और भागने का प्रयास किया.
बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई
भागने की कोशिश के दौरान गिरने से आरोपी के हाथ में चोट लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे अशोक की लाट के पास दबोच लिया. उसके पास से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने और फायरिंग करने का नया मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
उस्मान चौधरी