Uttar Pradesh News: अलीगढ़ के दादों थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में रविवार को 23 वर्षीय युवक रोबिन का शव खेत में शीशम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला. मृतक के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए इसे बेरहमी से की गई हत्या करार दिया है. परिवार का आरोप है कि रोबिन को मारकर शव फंदे पर लटकाया गया ताकि मामला खुदकुशी लगे.
परिजनों ने एक युवती समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया.
परिजनों ने डीप फ्रीजर में रखा शव
रोबिन की मौत से आक्रोशित परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर कड़ा कदम उठाया. उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और डीप फ्रीजर मंगवाकर रोबिन के पार्थिव शरीर को उसमें सुरक्षित रख लिया. परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी गंभीर सवाल उठाए और इसे सच्चाई छुपाने वाला बताया. हालांकि, 48 घंटे बाद पुलिस के समझाने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
पुलिसिया कार्रवाई और सुसाइड नोट
डीएसपी कमलेश कुमार के मुताबिक, मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है और शुरुआती जांच प्रेम प्रसंग की ओर इशारा कर रही है. पुलिस ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया था. परिजनों के भारी विरोध और शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंततः आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस प्रशासन के आश्वासन और केस दर्ज होने के बाद ही परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
अकरम खान