'अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया', बांकीपुर में BJP की हार पर अखिलेश का तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार को लेकर पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह युवाओं और उनके अभिभावकों के आक्रोश का परिणाम है. अखिलेश ने भाजपा पर वोट, पेपर, नौकरी और आरक्षण समेत कई मुद्दों पर जनता का भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया और इसे डबल इंजन की डबल हार बताया.

Advertisement
सपा चीफ अखिलेश यादव (Photo- ITG) सपा चीफ अखिलेश यादव (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 03 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:17 PM IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी की हार को लेकर पार्टी पर तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि यह हार सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं है, बल्कि जनता के गुस्से और युवाओं के आक्रोश का परिणाम है. उन्होंने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि यह डबल इंजन की डबल हार है. अखिलेश यादव ने X पर लिखा कि भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया. उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को भगवान से ऊपर समझते थे, उन्हें भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया और उनके घमंड का बुखार भी उतार दिया.

Advertisement

साथ ही उन्होंने कहा कि यह नतीजा युवाओं की एकता और उनके अभिभावकों के आक्रोश का संयुक्त परिणाम है. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जनता कई मुद्दों को लेकर नाराज है. उन्होंने अपने बयान में वोट चोरी, पेपर चोरी, चढ़ावा, चंदा और दान की चोरी, नौकरी चोरी, आरक्षण चोरी, कमीशनखोरी, पीडीए पर अत्याचार, घोर भ्रष्टाचार, महंगाई, मिलावट के सरकारीकरण, माताओं और बेटियों के अपमान तथा देश की जेन जी पीढ़ी पर प्रहार जैसे मुद्दों का उल्लेख किया.

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने इन सभी तरीकों से जनता के विश्वास और आस्था को ठगा है. उन्होंने कहा कि अब भाजपा के भीतर भी इस्तीफे की मांग उठ सकती है. उनका कहना था कि जो अपनी ही विधानसभा सीट नहीं बचा पाए, उनके नेतृत्व में आगे की राजनीतिक लड़ाई कैसे लड़ी जाएगी.

Advertisement

 

वोट, पेपर, नौकरी और आरक्षण जैसे मुद्दों पर लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा संगठन पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह हार उन लोगों की भी है, जिन्होंने संबंधित नेताओं का चयन किया या उन्हें संगठन पर अपनी इच्छा से थोपा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब कोई यह नहीं कह सकेगा कि भाजपा में इस्तीफे नहीं होते. उन्होंने अपने बयान में भाजपा के एक राज्य स्तरीय पदाधिकारी का बिना नाम लिए भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा खुश वही लोग हैं, जिन्हें पीडीए समाज से होने के बावजूद राष्ट्रीय स्तर का पद नहीं दिया गया और राज्य स्तर तक सीमित रखा गया.

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब वे भी मुस्कुराकर पूछ रहे हैं, पांच बड़ा या सात.  अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जनता यह भी कह रही है कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा चुनाव नहीं जिता पाए, तो राज्य अध्यक्ष विधानसभा लड़वा भी नहीं पाएंगे. उन्होंने भाजपा की हार को डबल इंजन की डबल हार बताया.

हार को युवाओं और अभिभावकों के आक्रोश का बताया नतीजा

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि यह परिणाम बदलाव की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि भाजपा की परंपरागत और सुरक्षित मानी जाने वाली सीटें भी अब उसे हार से नहीं बचा पाएंगी. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में भाजपा के सामने टिकट देने के लिए उम्मीदवार तलाशना भी चुनौती बन सकता है. अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने सभी विजयी उम्मीदवारों को जीत की बधाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे, सजग और सचेत रहेंगे तथा संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाएंगे.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »