आगरा जिले के मलपुरा थाना क्षेत्र की सफायर कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी. यहां एक शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर गोली मार दी. इसके बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो पकड़े जाने के डर से युवक ने उसी तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है. वह मलपुरा क्षेत्र के इटौरा का रहने वाला था और सैंया टोल प्लाजा पर नौकरी करता था. अरुण पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसका हाथरस की रहने वाली हनी से प्रेम संबंध था. हनी मुन्नीलाल कॉलेज में BSc की छात्रा है और आगरा में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही थी. उसके पिता भारतीय सेना में फौजी हैं.
दोपहर में सहेली के साथ अरुण से मिलने पहुंची थी छात्रा
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हनी अपनी एक सहेली के साथ अरुण से मिलने सफायर कॉलोनी पहुंची थी. इसके बाद सड़क पर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि अरुण ने अपनी कमर से तमंचा निकाल लिया. इसके बाद अरुण ने हनी पर गोली चला दी. गोली लगते ही हनी खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी. अचानक हुई फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई. हनी के साथ आई उसकी सहेली भी डर के कारण मौके से भाग गई.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े. लोगों को अपनी तरफ आता देखकर अरुण घबरा गया. उसे डर था कि लोग उसे पकड़ लेंगे. इसी दौरान उसने वही तमंचा अपनी कनपटी पर लगा लिया और गोली मार ली. गोली लगने के बाद अरुण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. एक तरफ युवक का शव पड़ा था, तो दूसरी तरफ गोली लगने से घायल छात्रा सड़क पर पड़ी थी.
घटना की सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसीपी और एडीसीपी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायल हनी को तत्काल पास के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, अरुण के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस जांच में इस मामले का एक पुराना पहलू भी सामने आया है. डीसीपी सिटी अली अब्बास के मुताबिक, कुछ समय पहले घायल छात्रा हनी ने अरुण के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई थी. हालांकि बाद में कोर्ट में धारा 164 के तहत दर्ज अपने बयान में छात्रा अपने आरोपों से मुकर गई थी. इसके बाद वह मुकदमा खत्म हो गया था. पुलिस अब इस पुराने मामले को भी मौजूदा घटना की जांच से जोड़कर देख रही है. इस पहलू से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि दोनों के बीच पहले क्या विवाद हुआ था और बाद में परिस्थितियां किस तरह बदलीं.
बताया गया है कि हनी ने करीब डेढ़ से दो महीने पहले ही अरुण से रिश्ता खत्म कर लिया था. उसने अरुण से संपर्क नहीं रखने की बात भी कही थी. इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा या फिर बुधवार को अचानक मुलाकात कैसे हुई, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. हनी के भाई हरिओम के मुताबिक, बुधवार सुबह अचानक हनी का फोन आया था. वह अरुण के बारे में बार-बार पूछ रही थी. उस समय अरुण नाइट ड्यूटी करके घर लौटा ही था. इसके बाद उसे फोन करके कॉलोनी में बुलाया गया था. इसके बाद दोपहर में सफायर कॉलोनी में दोनों की मुलाकात हुई. कुछ ही देर में विवाद शुरू हो गया और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया.
अब CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अरुण और हनी कब और किस तरह कॉलोनी में पहुंचे थे. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली चलाने से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके अलावा पुराने FIR और कोर्ट में दिए गए बयान से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है. एक तरफ अरुण की मौत की जांच हो रही है, वहीं दूसरी तरफ गंभीर रूप से घायल हनी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है.
अरविंद शर्मा