हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा पर निकलते हैं. यह यात्रा आस्था के साथ-साथ धैर्य और शारीरिक क्षमता की भी कठिन परीक्षा मानी जाती है. लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे इंसान का जज्बा हो तो वो कभी हार नहीं सकता. सड़क हादसे में अपना एक पैर गंवा चुकी एक महिला ने प्रोस्थेटिक लेग के सहारे अमरनाथ यात्रा के कठिन बालटाल मार्ग को पैदल पूरा किया.
महिला का नाम नेहा भट्ट बताया गया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यात्रा का वीडियो शेयर किया है. वीडियो में वह हाथ में लकड़ी की छड़ी और फोरआर्म क्रच का सहारा लेकर ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ते पर धीरे-धीरे आगे बढ़ती नजर आती हैं. कठिन चढ़ाई के बावजूद उनके चेहरे की मुस्कान और आत्मविश्वास लोगों को प्रेरित कर रहा है.
कितनी मुश्किल होती है अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा का बालटाल मार्ग सबसे चुनौतीपूर्ण रास्तों में गिना जाता है. यह पहलगाम मार्ग की तुलना में छोटा जरूर है, लेकिन चढ़ाई काफी खड़ी और मुश्किल होती है. ऐसे रास्ते पर प्रोस्थेटिक लेग के सहारे यात्रा पूरी करना आसान नहीं माना जाता.
वीडियो में नेहा के पीछे उनका एक साथी भी चलता दिखाई देता है, जो जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करता है. वीडियो के कैप्शन में नेहा ने कैप्शन में उसका शुक्रिया भी किया.
देखें वीडियो
क्या है नेहा की कहानी
नेहा की सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार, साल 2021 में एक सड़क हादसे में उन्होंने अपना एक पैर खो दिया था. हालांकि इस हादसे ने उनके हौसले को नहीं तोड़ा. अमरनाथ यात्रा का यह वीडियो उसी जज्बे की कहानी बयां करता है.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग नेहा की हिम्मत और जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि यह वीडियो सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति की सबसे बड़ी मिसाल है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि जहां कई स्वस्थ श्रद्धालु घोड़े या पालकी का सहारा लेते हैं, वहीं नेहा ने प्रोस्थेटिक लेग के सहारे पैदल यात्रा पूरी कर सबके लिए प्रेरणा पेश की.
नेहा भट्ट की यह यात्रा सिर्फ बाबा बर्फानी के दर्शन तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि किसी इंसान की असली ताकत उसके शरीर में नहीं, बल्कि उसके इरादों में होती है. यही वजह है कि उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है और अमरनाथ यात्रा 2026 की सबसे चर्चित कहानियों में शामिल हो गया है.
aajtak.in