भारतीय शादियों में हल्दी की रस्म पीले रंग के बिना अधूरी मानी जाती है. लेकिन एक कपल ने इस परंपरा को अपने अंदाज में मनाने का फैसला किया. उन्होंने हल्दी की रस्म के दौरान पीली हल्दी की जगह बैंगनी (पर्पल) फेस मास्क लगाया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई.
वायरल वीडियो में आदित्य और मानसी अपनी प्री-वेडिंग हल्दी सेरेमनी में मेहमानों के साथ नजर आते हैं. हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान उनके चेहरे पर लगे बैंगनी फेस मास्क ने खींचा. आमतौर पर हल्दी की रस्म में दूल्हा-दुल्हन के चेहरे पर पीली हल्दी लगाई जाती है, लेकिन इस कपल ने अलग प्रयोग किया.
सोशल मीडिया पर बंट गई लोगों की राय
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग रहीं. कई लोगों ने कहा कि हर कपल को अपनी शादी अपनी पसंद के हिसाब से मनाने का अधिकार है. उनके मुताबिक, शादी की रस्मों में नए प्रयोग करना गलत नहीं है.
वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर हल्दी की रस्म में पीला रंग ही नहीं है, तो इसे हल्दी सेरेमनी कैसे कहा जाए? कुछ लोगों ने मजाक में दूल्हा-दुल्हन की तुलना मार्वल के मशहूर किरदार थैनोस से भी कर दी, क्योंकि उनके चेहरे पर बैंगनी रंग नजर आ रहा था.
देखें वीडियो
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई. कुछ यूजर्स ने मजाक में लिखा कि अगर हल्दी बैंगनी हो गई है, तो अगली बार मेहंदी गुलाबी और संगीत किसी फ्यूचरिस्टिक थीम पर होगा. वहीं कई लोगों ने इसे शादी का नया ट्रेंड भी बताया.
परंपरा या नया ट्रेंड?
पिछले कुछ वर्षों में कई कपल अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अलग-अलग थीम और नए आइडिया अपना रहे हैं. यही वजह है कि पारंपरिक रस्मों में भी नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं. इस वीडियो ने भी लोगों के बीच यही सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या शादी की परंपराओं में बदलाव होना चाहिए या उन्हें उसी रूप में निभाया जाना चाहिए.
फिलहाल, आदित्य और मानसी की यह अनोखी हल्दी सेरेमनी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर जमकर अपनी राय दे रहे हैं.
aajtak.in