अचार के वीडियो भेजते-भेजते आया बिजनेस का आइडिया, 2 दोस्तों ने नौकरी छोड़ खड़ी कर दी 81 करोड़ की कंपनी

दो दोस्तों ने टिकटॉक पर अचार के वीडियो शेयर करने से शुरुआत की. नौकरी छोड़कर हॉट गर्ल पिकल्स ब्रांड लॉन्च किया और 3 मिलियन डॉलर की फंडिंग के बाद कंपनी की वैल्यूएशन करीब 81 करोड़ रुपये पहुंच गई. 

Advertisement
फरवरी 2024 में दोनों ने अपना पहला अचार बाजार में उतारा. ( Photo: Instagram/goodgirlsnacks) फरवरी 2024 में दोनों ने अपना पहला अचार बाजार में उतारा. ( Photo: Instagram/goodgirlsnacks)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:51 AM IST

किसी को अगर बताया जाए कि अचार के वीडियो एक-दूसरे को भेजने की आदत से दो लड़कियां करोड़ों का बिजनेस खड़ा कर देंगी, तो शायद वह यकीन न करे. लेकिन अमेरिका की लेआ मार्कस और यासामन बख्तियार ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया. दोनों को अचार बहुत पसंद था. वे सोशल मीडिया पर अचार से जुड़े वीडियो देखतीं और एक-दूसरे को भेजती रहती थीं. धीरे-धीरे इसी पसंद ने उन्हें अपना कारोबार शुरू करने का विचार दिया. दोनों ने नौकरी छोड़ दी और अचार बेचने का काम शुरू कर दिया. आज उनकी कंपनी की अनुमानित कीमत करीब 81 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

Advertisement

अचार के वीडियो से शुरू हुई कहानी
लेआ और यासामन की मुलाकात अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया में हुई थी. दोनों ने साल 2022 में अपनी पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई खत्म करने के बाद दोनों अलग-अलग जगह नौकरी करने लगीं. लेकिन अचार को लेकर उनकी दोस्ती और बातचीत जारी रही. साल 2023 में दोनों सोशल मीडिया पर अचार से जुड़े वीडियो एक-दूसरे को भेजने लगीं. कभी किसी खास स्वाद वाले अचार का वीडियो आता तो कभी अचार खाने का कोई मजेदार तरीका. इसी दौरान दोनों ने महसूस किया कि लोगों के बीच अचार को लेकर काफी दिलचस्पी है. यहीं से उनके दिमाग में एक सवाल आया- क्यों न अचार को ही बिजनेस बना दिया जाए? दोनों ने इस आईडिया को सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया और अपना कारोबार शुरू करने की तैयारी में जुट गईं.

Advertisement

पहले लोगों से सलाह ली, फिर शुरू किया काम
बिजनेस शुरू करना आसान नहीं था. दोनों के पास खाने-पीने की चीजों का बिजनेस चलाने का बहुत ज्यादा एक्सपीरियंस भी नहीं था. इसलिए उन्होंने पहले उन दोस्तों से सलाह ली, जो पहले से इस क्षेत्र में काम कर रहे थे. इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए खाने-पीने के कारोबार से जुड़े कई लोगों से बातचीत की. उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि अचार कैसे बनाया जाए, उसे लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए, पैकिंग कैसी होनी चाहिए और कारोबार को आगे कैसे बढ़ाया जा सकता है. इसके बाद दोनों ने अपनी कंपनी शुरू की, जिसका नाम रखा गुड गर्ल स्नैक्स.

2024 में बाजार में उतारा पहला अचार
फरवरी 2024 में दोनों ने अपना पहला अचार बाजार में उतारा. इसका नाम था हॉट गर्ल पिकल्स. शुरुआत में उन्होंने इसे सीधे अपनी वेबसाइट के जरिए लोगों तक पहुंचाया. इससे उन्हें ग्राहकों से सीधे जुड़ने का मौका मिला. कौन-सा स्वाद लोगों को पसंद आ रहा है, कौन-सी चीज अच्छी लग रही है और कहां बदलाव की जरूरत है, इसका पता उन्हें सीधे ग्राहकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया से चलता रहा. धीरे-धीरे लोगों के बीच उनके अचार की पहचान बढ़ने लगी. इसके बाद यह बड़े दुकानों तक पहुंचने लगा. साल 2025 में उनके अचार को अमेरिका के मशहूर होल फूड्स मार्केट और एरेवॉन जैसे बड़े दुकानों में बेचने की मंजूरी भी मिल गई. बाद में उन्होंने जार के अलावा छोटे पैकेट में भी अचार बेचना शुरू किया, ताकि लोग इसे आसानी से अपने साथ ले जा सकें.

Advertisement

अचार के साथ नाम भी बना खास
उनके बिजनेस की एक खास बात सिर्फ अचार का स्वाद नहीं, बल्कि उसे लोगों के सामने पेश करने का तरीका भी है. दोनों ने सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे शब्दों और चलन को समझा और उसी अंदाज में अपने अचार का नाम रखा- हॉट गर्ल पिकल्स. अचार की बोतल की सजावट से लेकर सोशल मीडिया पर उसके प्रचार तक, हर चीज को थोड़ा मजेदार और अलग रखा गया. उन्होंने अचार को सिर्फ खाने की चीज की तरह पेश नहीं किया, बल्कि उसे युवाओं की पसंद और सोशल मीडिया की दुनिया से जोड़ दिया. यही वजह है कि उनका अचार बाकी पारंपरिक अचारों से थोड़ा अलग नजर आने लगा.

30 लाख डॉलर का निवेश मिला
दो दोस्तों की मेहनत को तब बड़ी कामयाबी मिली, जब उनकी कंपनी गुड गर्ल स्नैक्स को 30 लाख डॉलर का शुरुआती निवेश मिला. इसके बाद कंपनी की अनुमानित कीमत 85 लाख डॉलर, यानी करीब 81 करोड़ रुपये हो गई. हालांकि यहां एक बात समझना जरूरी है. 81 करोड़ रुपये दोनों दोस्तों की कमाई नहीं है. यह उनकी कंपनी की अनुमानित कीमत है. कंपनी ने अपनी कुल कमाई या मुनाफे की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.

अब सिर्फ अचार बेचने तक नहीं रुकेंगी
लेआ और यासामन अब अपने कारोबार को और बड़ा करना चाहती हैं. उनकी योजना सिर्फ अचार बेचने तक सीमित रहने की नहीं है. आगे वे खाने-पीने की दूसरी चीजें भी बाजार में लाने की तैयारी कर रही हैं. दोनों की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि इसकी शुरुआत किसी बड़ी कंपनी या करोड़ों रुपये के निवेश से नहीं हुई थी. शुरुआत हुई थी दो सहेलियों के बीच अचार के वीडियो साझा करने से. उन्होंने अपनी पसंद को पहचाना, लोगों की पसंद को समझा और फिर उसी को कारोबार में बदल दिया. आज वही छोटी-सी शुरुआत करीब 81 करोड़ रुपये की कंपनी तक पहुंच चुकी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »