समुद्र में गोता लगाने गए तीन दोस्तों का सामना अचानक एक विशाल शार्क से हो गया. कुछ सेकंड के लिए ऐसा लगा कि कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन डाइवर्स ने घबराने के बजाय धैर्य दिखाया और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई. पूरी घटना पानी के अंदर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ABC News ने 1 अगस्त 2026 को शेयर किए गए इस वीडियो में कैलिफोर्निया के सैन डिएगो के पास पॉइंट लोमा क्षेत्र में हुई घटना दिखाई गई है. वीडियो में तीन डाइवर्स रिची, एडन सेंट जीन और एलिशा पेज समुद्र में फ्री डाइविंग और स्पीयरफिशिंग कर रहे थे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक डाइवर पानी के भीतर कैमरे के सामने तैर रहा होता है. तभी अचानक एक बड़ी शार्क उनकी ओर आती दिखाई देती है. कुछ पलों के लिए शार्क डाइवर्स के बेहद करीब मंडराती है. एक फ्रेम में स्पीयर गन भी नजर आती है और ऐसा लगता है कि शार्क उसी दिशा में बढ़ रही है.
हालांकि, तीनों डाइवर्स ने घबराने के बजाय शांत रहकर शार्क पर नजर बनाए रखी और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखी. कुछ देर तक उनके आसपास चक्कर लगाने के बाद शार्क धीरे-धीरे दूर चली गई. इसके बाद तीनों सुरक्षित अपनी नाव तक लौट आए. इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और यह एक 'क्लोज कॉल' बनकर रह गई.
देखें वीडियो
क्यों खतरनाक मानी जाती है ऐसी स्थिति?
पॉइंट लोमा दक्षिणी कैलिफोर्निया का मशहूर स्पीयरफिशिंग और डाइविंग इलाका है. यहां समुद्र के भीतर केल्प बेड्स (समुद्री घास के जंगल) हैं, जहां बड़ी संख्या में मछलियां मिलती हैं. इसी वजह से डाइवर्स अक्सर यहां आते हैं.
विशेषज्ञों के मुताबिक, दक्षिणी कैलिफोर्निया का यह इलाका ग्रेट व्हाइट शार्क के किशोर शार्क का नर्सरी क्षेत्र माना जाता है. आमतौर पर ये शार्क इंसानों पर हमला नहीं करतीं, लेकिन स्पीयरफिशिंग के दौरान घायल मछली से निकलने वाला खून या पानी में होने वाली हलचल उन्हें आकर्षित कर सकती है.
सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने राहत जताई कि तीनों डाइवर्स सुरक्षित बच निकले. कई यूजर्स ने लिखा कि समुद्र शार्क का प्राकृतिक घर है, इसलिए वहां उतरने वालों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए. वहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि शार्क इंसानों से मिली थी, इंसान शार्क से नहीं.
aajtak.in