यहां कुत्ते ने सड़क पर सुसु किया तो मालिक को करना होगा साफ, वरना लगेगा फाइन

स्विट्जरलैंड में एक ऐसा शहर है जहां की सड़कों पर अगर कुत्ते ने पेशाब कर दिया तो उसे तुरंत मालिक को साफ करना पड़ेगा. ऐसा नहीं करने पर मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा.

Advertisement
इस शहर में सड़क पर कुत्तों को पेशाब कराने वाले मालिकों को देना पड़ेगा जुर्माना (Photo - Pexels) इस शहर में सड़क पर कुत्तों को पेशाब कराने वाले मालिकों को देना पड़ेगा जुर्माना (Photo - Pexels)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:51 PM IST

अगर आप अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकलते हैं, तो सिर्फ उसका पॉटी उठाना ही काफी नहीं होगा. स्विट्जरलैंड के एक शहर में कुत्ता पालने वाले लोगों के लिए एक सख्त नियम बनाया है. यहां अगर कुत्ता सड़क या किसी दीवार के पास सुसु कर देता है, तो उसके मालिक को उसे पानी डालकर साफ भी करना होगा. ऐसा नहीं करने पर जुर्माना भरना पड़ सकता है.

Advertisement

स्विट्जरलैंड के इटालियन भाषी इलाके टिसिनो के छोटे से शहर कियासो ने यह अनोखा नियम बनाया है. यह नियम अगस्त के मध्य से लागू होगा और माना जा रहा है कि पूरे स्विट्जरलैंड में अपनी तरह का यह पहला नियम है.

अब पानी की बोतल भी साथ रखनी होगी
नए नियम के तहत कुत्ते को घुमाने वाले लोगों को पॉटी उठाने के लिए वेस्ट बैग के साथ-साथ पानी की एक बोतल भी रखनी होगी. अगर कुत्ता किसी सड़क, फुटपाथ या इमारत की दीवार के पास पेशाब करता है, तो मालिक को उस जगह पर पानी डालकर पेशाब को पतला करना होगा, ताकि बदबू कम हो सके.

अगर कोई पहली बार नियम तोड़ता है तो उसे चेतावनी दी जाएगी. लेकिन दोबारा ऐसा करने पर 100 स्विस फ्रैंक यानी करीब 10 हजार रुपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है.

Advertisement

आखिर ऐसा नियम क्यों बनाना पड़ा?
शहर के मेयर ब्रूनो अरिगोनी के मुताबिक, पिछले कुछ समय से स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि गर्मी और लंबे समय से बारिश नहीं होने की वजह से सड़कों और दीवारों पर कुत्तों के पेशाब की बदबू काफी बढ़ गई है. खासकर शहर के बीच वाले इलाके में लोगों को इससे परेशानी हो रही थी.

सिटी काउंसिल ने लोगों की शिकायतों और स्थानीय समिति की सिफारिश के बाद यह फैसला लिया. मेयर का कहना है कि इसका मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को जिम्मेदार पालतू पशु मालिक बनने के लिए प्रेरित करना है.

सिटी काउंसिल का कहना है कि शहर की सफाई के लिए नियमित रूप से हाई-प्रेशर वॉशर से सड़कें साफ की जाती हैं, लेकिन हर समय हर जगह सफाई करना संभव नहीं है. ऐसे में अगर पालतू जानवरों के मालिक खुद थोड़ी जिम्मेदारी निभाएं, तो सार्वजनिक जगहों को साफ-सुथरा रखना आसान होगा.

दूसरे शहर भी अपना सकते हैं यह नियम
फिलहाल स्विट्जरलैंड में कुत्तों की पॉटी उठाकर सही जगह फेंकना पहले से ही जरूरी है, लेकिन पेशाब साफ करने का नियम लागू करने वाला कियासो पहला शहर माना जा रहा है.

इस पहल के बाद आसपास के शहर लोकार्नो भी ऐसे नियम पर विचार कर रहा है. अगर कियासो का प्रयोग सफल रहता है, तो दूसरे शहर भी इसे अपना सकते हैं.

Advertisement

इटली और स्पेन में भी सख्ती
कुत्तों के कारण होने वाली गंदगी को रोकने के लिए दूसरे देशों में भी कदम उठाए गए हैं. इसी साल इटली के पार्मा और लिवोर्नो में भी ऐसे ही नियम लागू किए गए.

वहीं स्पेन के बार्सिलोना में अगर कोई व्यक्ति अपने कुत्ते की गंदगी साफ नहीं करता, तो उस पर 300 यूरो तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. स्पेन के कई दूसरे शहरों में भी लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस
कियासो का यह नियम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोगों को यह जानकर हैरानी हुई कि अब कुत्ते को घुमाने जाते समय पानी की बोतल साथ रखना भी जरूरी हो सकता है. वहीं कई लोगों ने इस फैसले की तारीफ करते हुए कहा कि इससे शहर ज्यादा साफ रहेंगे और बदबू की समस्या कम होगी.इस नियम ने जिम्मेदार पालतू पशु पालन, सार्वजनिक सफाई और शहरों को स्वच्छ रखने को लेकर नई बहस भी शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »