दक्षिण अफ्रीका से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाढ़ में लापता हुए एक होटल मालिक के अवशेष एक विशाल मगरमच्छ के पेट से बरामद किए गए. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 59 साल के गेब्रियल बतिस्ता नाम का यह व्यक्ति तेज बहाव में बहकर कोमाटी नदी में लापता हो गया था, जो मगरमच्छों के लिए कुख्यात माना जाता है.
शुरुआत से ही अधिकारियों को शक था कि वह किसी बड़े मगरमच्छ का शिकार बन गया होगा. इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया. कई दिनों की तलाश के बाद टीम की नजर एक असामान्य रूप से बड़े मगरमच्छ पर गई, जो नदी किनारे बेहद सुस्त और फूला हुआ दिख रहा था. ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मौजूदगी के बावजूद उसका न हिलना-डुलना शक को और गहरा कर रहा था.
अनुमति मिलने के बाद अधिकारियों ने उस मगरमच्छ को मारने का फैसला लिया, ताकि सच्चाई सामने आ सके. इसके बाद जो ऑपरेशन हुआ, वह बेहद जोखिम भरा था. एक पुलिस अधिकारी को हेलीकॉप्टर से सीधे मगरमच्छ के ऊपर उतारा गया, जहां उसने उसे रस्सी और हार्नेस से बांधा. इसके बाद उस करीब 15 फीट लंबे और लगभग 1000 पाउंड वजनी मगरमच्छ को हवा में उठाकर सुरक्षित जगह ले जाया गया.
देखें वायरल वीडियो
ऑपरेशन में शामिल कैप्टन जोहान पॉटगिटर ने बताया कि यह बेहद खतरनाक पल था. उन्होंने कहा कि मुझे रस्सी के सहारे सीधे मगरमच्छ के मुंह के पास उतारा गया, और मैं बस यही उम्मीद कर रहा था कि वह पूरी तरह मरा हुआ हो. उन्होंने यह भी बताया कि पास में दो और मगरमच्छ मौजूद थे, जो पूरे समय उन्हें देख रहे थे.
जब अधिकारियों ने उस मगरमच्छ का पोस्टमार्टम किया, तो अंदर से मानव अंग मिले-दो कटे हुए हाथ, पसलियों का हिस्सा और मांस के टुकड़े. एक उंगली में मिली अंगूठी को गेब्रियल बतिस्ता की माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच जारी है.
मगरमच्छ के पेट में छह जोड़ी जूते!
हैरानी की बात यह भी रही कि मगरमच्छ के पेट से कम से कम छह जोड़ी जूते भी मिले, जिनका इस मामले से सीधा संबंध अभी तक नहीं जोड़ा जा सका है. इससे आशंका जताई जा रही है कि यह इलाका और भी कई लापता लोगों के मामलों से जुड़ा हो सकता है.
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बतिस्ता की मौत पहले डूबने से हुई या मगरमच्छ के हमले से. इस घटना ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में जंगली जानवरों के खतरे को सामने कर दिया है, खासकर उन जगहों पर जहां बड़े शिकारी जीवों की मौजूदगी होती है.
aajtak.in