तमिलनाडु में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान ऐसा भावुक और प्यारा पल देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी दिल जीत लिया. एक पुलिस स्निफर डॉग फूलों की टोकरी मुंह में दबाकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के पास पहुंचा और उन्हें खास अंदाज में सम्मान दिया.
यह घटना शुक्रवार को चेन्नई में आयोजित उस समारोह की है, जहां मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय वर्ष 2023 से 2025 के लिए भारत सरकार और तमिलनाडु पुलिस के पदक पुलिसकर्मियों को प्रदान कर रहे थे. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस स्निफर डॉग रॉकी अपने मुंह में फूलों की टोकरी लेकर पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच की ओर बढ़ता है. सुरक्षा कर्मियों के साथ वह मंच तक पहुंचता है और मुख्यमंत्री के सामने झुककर उन्हें फूल भेंट करता है.
देखें वीडियो
रॉकी के इस अंदाज को देखकर मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराते हुए उसे सैल्यूट किया. मुख्यमंत्री का यह जवाब देखते ही पूरे हॉल में तालियां गूंज उठीं और लोगों ने इस खास पल का जोरदार स्वागत किया. समारोह का यही दृश्य सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है.
इस कार्यक्रम में कुल 665 पुलिसकर्मियों को भारत सरकार और तमिलनाडु पुलिस के पदकों से सम्मानित किया गया. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की फिल्मों के गीत भी प्रस्तुत किए गए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खास बन गया.
यह वीडियो ऐसे समय वायरल हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का चेन्नई मेट्रो में सफर भी चर्चा में रहा था. उस दौरान उन्हें देखने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे.
aajtak.in