ओरेकल कंपनी में हाल ही में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी हुई है, जिसके बाद कई कर्मचारियों की व्यक्तिगत कहानियां सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं. इन्हीं में से एक कहानी क्लेयर फोंटेनोट की है, जिन्होंने नौकरी जाने के बाद भी बेहद शांत और सकारात्मक सोच का परिचय दिया. उनकी प्रतिक्रिया ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींचा है और कई लोग उनकी सराहना कर रहे हैं. क्लेयर फोंटेनोट ओरेकल में प्रोडक्ट डेवलपमेंट के लिए सीनियर टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर के पद पर काम कर रही थीं. वे लगभग तीन साल से कंपनी के साथ जुड़ी हुई थीं. अचानक हुई छंटनी में उनका नाम भी शामिल हो गया. आमतौर पर ऐसी स्थिति में लोग घबरा जाते हैं या निराश हो जाते हैं, लेकिन क्लेयर ने इस मुश्किल समय को अलग नजरिए से देखा.
नौकरी जाने के बाद उन्होंने अपने अनुभव और विचार लिंक्डइन पर साझा किए. उन्होंने लिखा कि जब उन्हें नौकरी जाने की खबर मिली तो उनके मन में सबसे पहले “अरे बाप रे!” जैसा ख्याल आया. लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने खुद को संभाला और कहा कि ऐसा होता रहता है. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी लिखा कि अब उन्हें थोड़ा आराम करने और देर तक सोने का मौका मिलेगा.
'जिंदगी में ऐसे मौके बहुत कम मिलते हैं'
क्लेयर ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि वे इस समय को एक अवसर की तरह देख रही हैं. उन्होंने माना कि नौकरी खोना आसान नहीं होता और मैं नौकरी ढूंढ रही हूं कहना थोड़ा असहज लग सकता है. लेकिन इसके बावजूद वे इस समय को खुद के लिए एक ब्रेक और सोचने का मौका मान रही हैं. उनका कहना है कि अब वे धीमे होकर यह सोच पाएंगी कि उन्हें आगे क्या करना है और किस दिशा में बढ़ना है. उन्होंने यह भी कहा कि जिंदगी में ऐसे मौके बहुत कम मिलते हैं, जब इंसान रुककर खुद के बारे में और अपने भविष्य के बारे में सोच सके. इसलिए वे इस अनिश्चितता को डर की तरह नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत के रूप में देख रही हैं. उनकी यह सकारात्मक सोच कई लोगों को प्रेरित कर रही है.
क्लेयर की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. कई यूजर्स ने उनके शांत स्वभाव और सकारात्मक नजरिए की तारीफ की. लोगों ने कहा कि इस तरह की सोच हर किसी में नहीं होती, खासकर तब जब अचानक नौकरी चली जाए. कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि क्लेयर का रवैया दूसरों के लिए प्रेरणा है और मुश्किल समय में कैसे मजबूत रहना चाहिए, यह उनसे सीखा जा सकता है. खबरों के मुताबिक, कंपनी ने वैश्विक स्तर पर लगभग 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की है. यह फैसला कंपनी के पुनर्गठन (Restructuring) के तहत लिया गया है. इस तरह के फैसले अक्सर कंपनियां अपनी लागत कम करने या नए बिजनेस प्लान के तहत लेती हैं, लेकिन इसका सीधा असर कर्मचारियों पर पड़ता है.
सुबह 6 बजे मिला छंटनी का मैसेज
बताया जा रहा है कि जिन कर्मचारियों की नौकरी गई, उन्हें सुबह करीब 6 बजे ईमेल के जरिए इसकी जानकारी दी गई. इस ईमेल में लिखा था कि कंपनी ने अपनी वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुछ पदों को खत्म करने का फैसला किया है, और इसी कारण उनकी नौकरी समाप्त की जा रही है. यह खबर कई लोगों के लिए अचानक और चौंकाने वाली थी. हालांकि, कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज देने की भी बात कही है. इसमें कुछ हफ्तों की सैलरी शामिल है, ताकि कर्मचारियों को नई नौकरी खोजने तक आर्थिक मदद मिल सके. रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी कर्मचारियों को कम से कम चार हफ्तों का बेस वेतन दिया जा रहा है, और हर साल की सेवा के लिए एक अतिरिक्त हफ्ते का वेतन भी दिया जाएगा, जिसकी एक सीमा तय की गई है.
फिर भी, नौकरी खोना किसी के लिए भी आसान नहीं होता.यह न केवल आर्थिक बल्कि मानसिक रूप से भी चुनौतीपूर्ण होता है. ऐसे में क्लेयर फोंटेनोट जैसे लोगों की सकारात्मक सोच दूसरों के लिए एक उदाहरण बन जाती है. उन्होंने यह दिखाया कि मुश्किल समय में घबराने के बजाय अगर इंसान शांत रहे और हालात को समझदारी से स्वीकार करे, तो आगे का रास्ता आसान हो सकता है.कुल मिलाकर, यह कहानी सिर्फ एक कर्मचारी की नौकरी जाने की नहीं है, बल्कि यह इस बात का उदाहरण है कि जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों को किस तरह से संभाला जा सकता है. क्लेयर की तरह अगर लोग नकारात्मकता के बजाय अवसर खोजने की कोशिश करें, तो मुश्किल समय भी एक नई शुरुआत बन सकता है.
aajtak.in