सोशल मीडिया पर दो भाइयों का एक बेहद भावुक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपने आंसू नहीं रोक पा रहे. यह वीडियो दिखाता है कि खून के रिश्ते और किसी अपने की कामयाबी इंसान को कितनी गहराई से छू सकती है.वायरल क्लिप में दावा किया जा रहा है कि एक शख्स अपने छोटे भाई को मुंबई पुलिस की वर्दी में देखकर खुद को संभाल नहीं पाता और उसकी आंखों से आंसू निकल पड़ते हैं. छोटे भाई की सफलता उसे अपनी ही कामयाबी जैसी महसूस होती है.
वीडियो को इंस्टाग्राम पर असलम शेख ने शेयर किया है. क्लिप में मुंबई पुलिस का एक जवान पासिंग आउट परेड के दौरान पूरी वर्दी और सेरेमोनियल प्लूम के साथ आगे बढ़ता दिखाई देता है. उसकी चाल में अनुशासन और चेहरे पर गर्व साफ नजर आता है.
उसके सामने भीड़ में उसका बड़ा भाई खड़ा होता है. बताया गया है कि वह खुद फॉरेस्ट गार्ड है. जैसे-जैसे छोटा भाई मार्च करते हुए उसके करीब पहुंचता है, बड़े भाई के चेहरे के भाव बदलने लगते हैं. पहले गर्व, फिर भावुकता और फिर आंखों में आंसू साफ दिखाई देने लगते हैं.
जैसे ही मुंबई पुलिस का जवान अपने बड़े भाई के सामने पहुंचकर सलाम करता है, वह पल बेहद भावुक हो जाता है. बड़ा भाई खुद को संभालने की कोशिश करता है, लेकिन आखिरकार उसकी आंखें भर आती हैं और वह रो पड़ता है.
देखें वायरल वीडियो
वीडियो के आखिर में दोनों भाई एक-दूसरे को गले लगा लेते हैं. यही दृश्य सोशल मीडिया यूजर्स के दिल को छू गया. लोगों का कहना है कि यह सिर्फ दो वर्दियों का मिलना नहीं, बल्कि दो भाइयों के सपनों, संघर्ष और मेहनत का मिलन है.
वीडियो के कैप्शन में भी इस रिश्ते की खूबसूरती को उभारा गया है, जहां एक भाई फॉरेस्ट गार्ड है और दूसरा मुंबई पुलिस में सेवा दे रहा है. एक ही फ्रेम में दो अलग-अलग वर्दियां लोगों को काफी पसंद आ रही हैं.
कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा कि बड़ा भाई अक्सर अपने सपने छोटे भाई के जरिए पूरा होते देखता है. दूसरे ने कहा कि यह वीडियो देखकर मेरी भी आंखें भर आईं, दोनों भाइयों के लिए गर्व का पल है.”
कई लोगों ने कहा कि इस वीडियो में बड़े शब्दों की जरूरत ही नहीं थी. सिर्फ मार्च, सलामी और आंसुओं ने पूरा संदेश दे दिया. यही सादगी इस वीडियो को और भी ज्यादा असरदार बना रही है.
(नोट - ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर बनाई गई है. aajtak.in वीडियो में किए गए दावों की पुष्टि नहीं करता है.)
aajtak.in