ऑफिस... वह जगह जहां नौकरी करने वाला इंसान अपनी जिंदगी का करीब एक-तिहाई हिस्सा बिताता है. ऐसे में अगर चारों तरफ शोर, तनाव और भागदौड़ हो, तो काम बोझ लगने लगता है. लेकिन अगर ऑफिस में हरियाली हो, खुली जगह हो, आरामदायक माहौल हो और हर कोना कुछ नया सोचने के लिए प्रेरित करे, तो क्या काम करने का तरीका बदल सकता है? दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Google का मानना है कि इसका जवाब 'हां' है. यही वजह है कि उसके ऑफिस सिर्फ काम करने की जगह नहीं, बल्कि क्रिएटिविटी और इनोवेशन को बढ़ावा देने वाले स्पेस के तौर पर डिजाइन किए जाते हैं.
इसी बीच Google के न्यूयॉर्क ऑफिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग कह रहे हैं, 'ये ऑफिस है या 5 स्टार होटल?'
गूगल के न्यूयॉर्क ऑफिस का वीडियो वायरल
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित गूगल सेंट जॉन्स टर्मिनलऑफिस की झलक भारतीय कंटेंट क्रिएटर अलबेली रितु ने इंस्टाग्राम पर दिखाई है. उन्होंने पूरे ऑफिस का टूर कराया, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए. कई लोगों ने इसे लग्जरी मॉल, तो कई ने 5 स्टार होटल जैसा बताया.
'अंदर पहुंचकर लगा किसी मॉल में आ गई हूं'
वीडियो की शुरुआत में रितु कहती हैं कि आइए आपको गूगल के न्यूयॉर्क ऑफिस के अंदर लेकर चलती हूं. यह बिल्कुल वैसा नहीं है, जैसा आप सोचते हैं. अंदर पहुंचकर ऐसा लगा कि मैं किसी ऑफिस में नहीं, बल्कि एक स्टाइलिश मॉल में हूं.
वीडियो में आधुनिक इंटीरियर, आरामदायक सोफे, बड़े-बड़े लाउंज, गेमिंग एरिया और कर्मचारियों के लिए रिलैक्स करने की कई जगहें दिखाई गई हैं. रितु के मुताबिक, ऑफिस का हर हिस्सा इस तरह डिजाइन किया गया है कि कर्मचारियों को काम के साथ आरामदायक और प्रेरणादायक माहौल भी मिले.
देखें वीडियो
कैफे, माइक्रो किचन और 5 स्टार जैसा कैफेटेरिया
रितु ने Google के कैफे का भी दौरा किया, जहां कॉफी, जूस, स्नैक्स और कई तरह के फूड ऑप्शन मौजूद थे. उन्होंने कॉफी और क्रोइसां की भी तारीफ की.
इसके अलावा ऑफिस का कैफेटेरिया भी चर्चा में रहा. यहां सलाद, बर्गर, मैक्सिकन फूड और दुनिया भर के कई व्यंजन परोसे जाते हैं. रितु ने इसे "5 स्टार बुफे" जैसा बताया. वहीं हर फ्लोर पर माइक्रो किचन भी बनाया गया है, जहां कर्मचारी कभी भी कॉफी, जूस और स्नैक्स ले सकते हैं.
हरियाली के बीच काम, जिम और योगा स्टूडियो भी
वीडियो का सबसे आकर्षक हिस्सा 12वीं मंजिल पर बना आउटडोर वर्कस्पेस है. हरियाली से घिरे इस स्पेस से न्यूयॉर्क सिटी का शानदार स्काईलाइन व्यू दिखाई देता है. रितु के मुताबिक, यहां काम करते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे किसी पार्क में बैठे हों.
ऑफिस में कर्मचारियों के लिए जिम, मसाज चेयर, योगा स्टूडियो और कई रिलैक्सेशन जोन भी बनाए गए हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'यहां डाइटिंग करना लगभग नामुमकिन है.'
यह भी पढ़ें: ऑफिस में कौन देता है सबसे ज्यादा टेंशन? बेंगलुरु के इंजीनियर ने इस तरीके से ढूंढ निकाला जवाब
लोगों ने कहा- यही है Dream Office
वीडियो के कैप्शन में रितु ने लिखा कि गूगल का न्यूयॉर्क ऑफिस उन्हें एक अलग ही दुनिया जैसा लगा, जहां हर तरफ क्रिएटिविटी और इनोवेशन की झलक दिखाई देती है.
वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, 'How cool!' वहीं दूसरे ने कहा, 'This is so amazing." एक अन्य यूजर ने इसे ड्रीम ऑफिस बताया, जबकि कई लोगों ने ऑफिस के डिजाइन और सुविधाओं की जमकर तारीफ की.
आखिर Google अपने ऑफिस पर इतना पैसा क्यों खर्च करता है?
यह सिर्फ दिखावे के लिए नहीं है. पर्यावरण मनोविज्ञान (Environmental Psychology) के विशेषज्ञों का कहना है कि प्राकृतिक रोशनी, हरियाली, खुली जगह, आरामदायक बैठने की व्यवस्था और बेहतर डिजाइन कर्मचारियों का तनाव कम करते हैं. इससे उनकी रचनात्मकता बढ़ती है, नए आइडिया आते हैं और काम की उत्पादकता में भी सुधार होता है.
यही वजह है कि Google जैसी कंपनियां अपने वर्कस्पेस को सिर्फ एक ऑफिस नहीं, बल्कि ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करती हैं, जहां कर्मचारी बेहतर महसूस करें, ज्यादा समय तक फोकस बनाए रखें और नए इनोवेशन पर काम कर सकें. शायद यही कारण है कि Google के ऑफिस अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं.
aajtak.in