अक्सर लोग छोटे बच्चों को पढ़ाते हुए सब्र खो बैठते हैं. बार- बार बताने पर भी अगर बच्चा कुछ न समझ रहा हो तो माता पिता बुरी तरह भड़क जाते हैं. हालांकि, छोटे बच्चों को डील करने का ये तरीका बिलकुल गलत है लेकिन ऐसा होता ही है. हाल में चीन से ऐसा मामला आया है जिसमें 3 साल के बेटे को पढ़ाते हुए पिता को गुस्सा आ गया. इसके बाद जो हुआ वह खतरनाक है.
Zhejiang प्रांत के चेन नाम के शख्स की पत्नी को दफ्तर में अधिक काम था जिस वजह से उसे ही अपने 3 साल के बेटे Liangliang की होमवर्क की जिम्मेदारी लेनी पड़ी. ठीक से होमवर्क न बनाने पर चेन बच्चे पर इस कदर भड़का कि उसने घर में फलों की टोकरी में रखा अनार उठाकर उसे फेंककर उसे मार दिया. ये अनार सीधे बच्चे की छाती के नीचे पेट में लगा. बच्चा दर्द से चीखा क्योंकि चोट गहरी थी. लेकिन परेशानी तब बढ़ गई जब बच्चा अगले दिन तक दर्द से कराहता रहा. आनन- फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया तो मालूम हुआ कि बच्चे की तिल्ली (spleen) फट गई है.
डॉक्टर कहते हैं कि तिल्ली बहुत आसानी से फट जाती है और कुछ मामलों में ये इंटरनल ब्लीडिंग के साथ जानलेवा हो सकता है. ऐसे में इसे शरीर से हटाना भी पड़ जाता है. मामला सामने आने से बाद से चीन के सोशल मीडिया पर ऐसी पेरेंटिंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
वीबो पर एक यूजर ने कहा- इस शख्स ने अपने बेटे की जिंदगी खराब कर दी. तिल्ली को हटाया जाना कभी न ठीक होने वाली क्षति है. अगर मैं बेटा होता तो पिता को कभी माफ न करता. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- जब मैं बच्चा था तो मेरे पापा ने मेरे ऊपर रिमोट फेंक दिया था, मैं तब स्तब्ध रह गया था. एक अन्य ने लिखा- माता-पिता अपने बच्चों के होमवर्क की ज़िम्मेदारी क्यों लें? यह स्कूल की जिम्मेदारी होनी चाहिए . फिलहाल मामले में जांच जारी है और बच्चे की हालत स्थिर बनी हुई है.
बता दें कि चीन में लापरवाही के कारण गंभीर चोट पहुंचाने पर तीन साल तक की जेल की सजा हो सकती है. हालांकि, यदि पीड़ित और उनका परिवार घटना की रिपोर्ट नहीं करता है और पुलिस हस्तक्षेप नहीं करती है, तो मामला ठंडा पड़ जाता है.
aajtak.in