दिल्ली मेट्रो में बंदर की 'मस्ती', कभी सीट पर बैठा तो कभी महिला की गोद में; VIDEO वायरल

दिल्ली मेट्रो में एक बंदर के घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बंदर कभी महिला की गोद में बैठा तो कभी यात्रियों के बीच घूमता नजर आया. घटना के बाद लोग दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

Advertisement
यूजर्स का दावा है कि यह घटना सराय काले खां मेट्रो स्टेशन के पास हुई (Photo:X/@sksuman538) यूजर्स का दावा है कि यह घटना सराय काले खां मेट्रो स्टेशन के पास हुई (Photo:X/@sksuman538)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:19 AM IST

दिल्ली मेट्रो से जुड़े वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. कभी सीट को लेकर झगड़ा, कभी रील बनाने के लिए डांस और कभी अजीबोगरीब हरकतें. लेकिन इस बार मामला यात्रियों का नहीं, बल्कि एक बंदर का है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक बंदर दिल्ली मेट्रो के डिब्बे के अंदर आराम से घूमता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं- आखिर दिल्ली मेट्रो में बंदर घुसा कैसे?

Advertisement

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन का है. वायरल क्लिप में बंदर कभी यात्रियों की सीटों के पास घूमता है तो कभी एक महिला की गोद में जाकर बैठ जाता है. इतना ही नहीं, वीडियो में वह महिला के चेहरे के बेहद करीब आता है, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोग 'किस' करने जैसा बता रहे हैं. हालांकि महिला पूरे समय शांत नजर आती है और उसे किसी तरह की घबराहट नहीं दिखती.

दिल्ली मेट्रो से लोग पूछ रहे सवाल

वीडियो शेयर करने वाले कई यूजर्स का दावा है कि यह घटना सराय काले खां मेट्रो स्टेशन के पास हुई. वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने दिल्ली मेट्रो के आधिकारिक X हैंडल को टैग करते हुए पूछा कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बंदर मेट्रो के अंदर कैसे पहुंच गया. खबर लिखे जाने तक दिल्ली मेट्रो की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यह भी साफ नहीं है कि बंदर स्टेशन परिसर में कैसे दाखिल हुआ और किस स्टेशन से ट्रेन में चढ़ा.

Advertisement

VIDEO पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया. कुछ लोगों ने इसे मजेदार और अनोखा बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया. लोगों का कहना है कि अगर बंदर अचानक आक्रामक हो जाता या किसी बच्चे या बुजुर्ग पर हमला कर देता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि मेट्रो जैसी हाई सिक्योरिटी व्यवस्था में आखिर कोई जंगली जानवर ट्रेन के अंदर तक कैसे पहुंच गया.

देखें वीडियो

ऐसे ही एक और वीडियो वायरल हुआ, जिस पर दिल्ली मेट्रो ने प्रतिक्रिया देते हुए X पर लिखा असुविधा के लिए हमें खेद है. कृपया घटना की तारीख, समय और ट्रेन आईडी साझा करें.

 

क्या अचानक आक्रामक हो सकते हैं बंदर?

विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में पाए जाने वाले रीसस मकाक (Rhesus Macaque) इंसानों के बीच रहने के आदी जरूर हैं, लेकिन वे पूरी तरह पालतू नहीं होते. यदि उन्हें खतरा महसूस हो, कोई उन्हें छूने की कोशिश करे या खाने की चीज दिखे, तो उनका व्यवहार अचानक बदल सकता है. यही वजह है कि वन्यजीव विशेषज्ञ ऐसे जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह देते हैं.

बंदर काट ले तो क्या करें?

Advertisement

डॉक्टरों के अनुसार, यदि बंदर काट ले या नाखून मार दे, तो सबसे पहले घाव को कम से कम 15 मिनट तक साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए. इसके बाद बिना देरी किए अस्पताल या डॉक्टर के पास जाना चाहिए. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर एंटी-रेबीज वैक्सीन और अन्य जरूरी इलाज शुरू करते हैं. ऐसे मामलों में लापरवाही गंभीर साबित हो सकती है.

क्यों बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं?

विशेषज्ञ मानते हैं कि शहरों का तेजी से विस्तार, जंगलों का कम होना और लोगों द्वारा खुले में खाना खिलाने जैसी वजहों से बंदर अब रिहायशी इलाकों, बाजारों और रेलवे-मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने लगे हैं. वन्यजीव विशेषज्ञों की सलाह है कि बंदरों को खाना खिलाने या उनके पास जाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे वे इंसानों के और करीब आने लगते हैं.

फिलहाल इस वायरल वीडियो में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है.  इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था और शहरों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संपर्क को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »