चीन में एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. इसकी वजह कोई महंगी सजावट या अनोखी रस्म नहीं, बल्कि दूल्हा-दुल्हन का एक ही नाम होना है. हैरानी की बात यह है कि दोनों के नाम की स्पेलिंग ही नहीं, बल्कि चीनी भाषा में लिखे जाने वाले अक्षर भी बिल्कुल एक जैसे हैं. दोनों एक ही फील्ड में काम भी करते हैं. इस अनोखे संयोग को देखकर लोग इसे किस्मत का खेल बता रहे हैं.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के झेजियांग प्रांत में 6 अक्टूबर को 33 साल के झू शियाओछोंग और 28 साल की झू शियाओछोंग की शादी हुई. दोनों का नाम चीनी भाषा में बिल्कुल एक जैसा लिखा जाता है. शादी का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. जब लोगों ने पोस्टर पर दूल्हा और दुल्हन का एक ही नाम देखा, तो वे हैरान रह गए. दुल्हन ने बताया कि उसके कुछ रिश्तेदार, जो दूल्हे को नहीं जानते थे, उन्हें लगा कि शादी का पोस्टर बनाने वाले से गलती हो गई है.
नौकरी के इंटरव्यू में भी हुआ था ऐसा संयोग
इस कपल की कहानी सिर्फ शादी के बाद चर्चा में नहीं आई. साल 2016 में दोनों एक ही जॉब फेयर में पहुंचे थे. वहां इंटरव्यू लेने वाले ने जब झू शियाओछोंग नाम पुकारा, तो दोनों उम्मीदवार एक साथ खड़े हो गए. उस समय दोनों ने इसे एक दिलचस्प संयोग माना था. बाद में दूल्हे के एक सहकर्मी, जो दुल्हन का सहपाठी भी था, ने दोनों के एक ही नाम होने की बात पहचानी और उनकी मुलाकात कराई. इसके बाद दोनों करीब आए और साल 2019 में डेटिंग शुरू की.
एक नाम की वजह से कई बार हुई परेशानी
दोनों का नाम एक जैसा होने से रोजमर्रा के कामों में भी मुश्किलें आईं. शादी का रजिस्ट्रेशन कराने और घर के पेपर बनवाने के दौरान कंप्यूटर सिस्टम उनके रिकॉर्ड को अपने आप प्रोसेस नहीं कर पाया. ऐसे में कर्मचारियों को दस्तावेजों की जांच करके जानकारी हाथ से दर्ज करनी पड़ी. एक बार यात्रा के दौरान दोनों ने गलती से एक-दूसरे का बोर्डिंग पास भी उठा लिया. टिकट पर नाम एक जैसा था और लिंग की जानकारी भी नहीं दिख रही थी. इस वजह से हवाई अड्डे पर सुरक्षा कर्मचारियों को उनकी पहचान की दोबारा जांच करनी पड़ी.
लोग बोले- बच्चे का नाम भी ऐसा ही रख देना
एक ही नाम होने के कारण दोस्तों के बीच भी अक्सर कंफ्यूजन होता था. जब कोई झू शियाओछोंग को बुलाता, तो पति-पत्नी दोनों जवाब देने लगते थे. इस परेशानी से बचने के लिए लोगों ने पति को 'दा छोंग' और पत्नी को 'शियाओ छोंग' कहकर बुलाना शुरू किया. सोशल मीडिया पर इस कहानी को लेकर लोग मजेदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोगों ने तो सुझाव दिया कि अगर भविष्य में उनके घर बच्चा होता है, तो उसका नाम 'छोंगछोंग' रख देना चाहिए. कई लोगों को यह संयोग इतना खास लगा कि उन्होंने इसे किस्मत का खेल बताया.
aajtak.in