सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत लोगों से क्या-क्या नहीं करवा रही है. कोई अजीब खाना बेच रहा है तो कोई ऐसा स्टंट कर रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाएं. अब चीन से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है. यहां एक महिला कॉस्प्लेयर को अपने पैरों को नींबू वाले पानी में डुबोकर नींबू पानी बेचने का दावा किया. हैरानी की बात यह रही कि लोग इसे देखने ही नहीं, बल्कि खरीदने के लिए भी लाइन में लग गए. आपको बता दें कि कॉस्प्लेयर वह व्यक्ति होता है जो किसी वीडियो गेम, कॉमिक, एनीमे या फिल्म के काल्पनिक किरदार के कपड़े पहनता है, मेकअप करता है और उसके जैसे हाव-भाव दिखाता है. 'कॉस्प्ले' शब्द 'कॉस्टयूम' और 'प्ले' से मिलकर बना है.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना चीन के ग्वांगझोऊ शहर में आयोजित एक बड़े एनीमे और कॉस्प्ले इवेंट की है. इवेंट में एक महिला कॉस्प्लेयर कुर्सी पर बैठी थी और उसने अपने दोनों पैर एक बड़े ट्रांसपेरेंट टब में रखे हुए थे. टब में पानी के साथ नींबू के टुकड़े भी डाले गए थे. स्टॉल पर मौजूद लोग उसी पानी से नींबू पानी तैयार कर ग्राहकों को बेच रहे थे. इस ड्रिंक को मजाकिया अंदाज में फीट जूस' नाम दिया गया.
इस नींबू पानी की कीमत 50 युआन यानी करीब 600 रुपये रखी गई थी. इतनी कीमत होने के बावजूद स्टॉल के सामने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. कुछ लोग सिर्फ इस अजीब नजारे को देखने पहुंचे, जबकि कई लोगों ने इसे खरीद भी लिया. वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाए, जो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
इंटरनेट पर लोगों ने जमकर सुनाई खरी-खोटी
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कई यूजर्स ने लिखा कि सिर्फ वायरल होने के लिए लोग अब किसी भी हद तक जाने लगे हैं. कुछ ने इसे गंदा और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताया. वहीं कई लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कोई इंसान ऐसा पेय खरीदने के बारे में सोच भी कैसे सकता है. विवाद बढ़ने पर स्टॉल की तरफ से एक नोटिस लगाया गया. उसमें लिखा था कि यह पूरा एक्ट सिर्फ मनोरंजन के लिए किया गया है और इसका मकसद किसी गलत चीज को बढ़ावा देना नहीं है. लेकिन लोगों को यह सफाई पसंद नहीं आई और आलोचना जारी रही.
जब मामला ज्यादा बढ़ गया तो इवेंट आयोजकों ने कार्रवाई की. रिपोर्ट के मुताबिक, इस स्टॉल को बंद करा दिया गया और कॉस्प्लेयर को कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया. आयोजकों का कहना था कि इस तरह की एक्टिविटी की परमिशन नहीं थी और इससे पूरे इवेंट की छवि खराब हुई. बताया जा रहा है कि इससे पहले अमेरिका के एक एनीमे इवेंट में भी इसी तरह का फीट जूस बेचने का मामला सामने आया था. वहां भी इसे लेकर खूब विवाद हुआ था. माना जा रहा है कि चीन में हुआ यह मामला उसी ट्रेंड से प्रेरित था.
वायरल होने की होड़ में बढ़ रही अजीब हरकतें
आज सोशल मीडिया पर पहचान बनाने की होड़ में लोग नए-नए तरीके अपना रहे हैं. लेकिन कई बार ये तरीके लोगों को पसंद आने के बजाय विवाद की वजह बन जाते हैं. चीन का यह मामला भी इसी का ताजा उदाहरण है. कुछ लोगों ने इसे मजाक बताया, लेकिन ज्यादातर लोगों का कहना है कि सिर्फ लाइक्स और व्यूज के लिए ऐसी हरकतें करना सही नहीं है. फिलहाल, इस फीट जूस की तस्वीरें और वीडियो दुनियाभर में वायरल हो रहे हैं. कोई इसे अजीब कह रहा है, तो कोई सिर्फ पब्लिसिटी स्टंट.
aajtak.in