रील बनाने का जुनून अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ऐसा ही खतरनाक नजारा देखने को मिला, जहां चलती ऑटो से बाहर लटककर रील बना रहे एक युवक ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग साइकिल सवार को टक्कर मार दी.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार ऑटो सड़क पर दौड़ रही है. इसी दौरान एक युवक ऑटो से आधा शरीर बाहर निकालकर झूलता और डांस करता नजर आता है. ऐसा लगता है कि वह सोशल मीडिया के लिए रील शूट कर रहा था.
कुछ ही सेकंड बाद युवक का हाथ सड़क पर जा रहे एक बुजुर्ग साइकिल सवार से टकरा जाता है. टक्कर इतनी जोरदार होती है कि बुजुर्ग अपना संतुलन खो देते हैं और सड़क पर गिर पड़ते हैं.
टक्कर मारकर नहीं रुका युवक
वीडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि टक्कर के बाद भी ऑटो नहीं रुकी. युवक बिना पीछे देखे वहां से निकल गया, जबकि बुजुर्ग सड़क पर गिरे पड़े थे.हालांकि, ऑटो के पीछे चल रहा एक बाइक सवार तुरंत रुका. उसने सबसे पहले बुजुर्ग के ऊपर गिरी साइकिल हटाई और फिर उन्हें उठाने में मदद की. आसपास मौजूद कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और बुजुर्ग की सहायता की.
देखें वीडियो
वीडियो देख भड़के लोग
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग रील बनाने के लिए की जा रही ऐसी लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं.कई यूजर्स ने लिखा कि अब सार्वजनिक सड़कें भी लोगों के लिए 'रील शूटिंग सेट' बनती जा रही हैं, जहां बेगुनाह लोगों की जान खतरे में पड़ रही है.
वहीं कई लोगों ने मांग की कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
aajtak.in