सफर का नाम सुनते ही मन में पहाड़ों की ठंडी हवा या समंदर की लहरों का ख्याल आने लगता है, लेकिन इस मस्ती के बीच सबसे ज्यादा टेंशन होती है पैसों के लेनदेन की. अक्सर लोग या तो ढेर सारा कैश लेकर चलते हैं या फिर पूरी तरह ऑनलाइन पेमेंट पर निर्भर हो जाते हैं.
सच तो यह है कि एक समझदार यात्री वही है जो जेब में नकद और मोबाइल में डिजिटल पेमेंट का सही तालमेल बिठाकर चले. इससे न सिर्फ आपको सुविधा मिलती है, बल्कि किसी भी अनहोनी या इमरजेंसी के वक्त आप बीच रास्ते में फंसने से बच जाते हैं. तो चलिए समझते हैं कि सफर के दौरान इन दोनों तरीकों को साथ रखना आपके लिए किसी बड़े आराम से कम क्यों नहीं है.
यह भी पढ़ें: सिर्फ नजारे नहीं, दिल जीत लेती है खातिरदारी, ये हैं भारत के 'मेहमाननवाज' शहर!
डिजिटल पेमेंट से मिलेगी सुरक्षा और ढेर सारी सुविधाएं
आज के दौर में डिजिटल पेमेंट यानी यूपीआई, कार्ड या मोबाइल वॉलेट ने हमारे सफर को बहुत आसान बना दिया है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको अपने साथ बहुत ज्यादा कैश लेकर घूमने का डर नहीं रहता, जिससे चोरी या पैसे खोने की चिंता खत्म हो जाती है. आप कहीं भी हों, बस एक स्कैन किया और होटल की बुकिंग से लेकर शॉपिंग तक का काम चुटकियों में हो जाता है.
सबसे अच्छी बात यह है कि मोबाइल ऐप्स आपके हर खर्च का हिसाब रखते हैं, जिससे आपको पता रहता है कि आपका बजट कहां जा रहा है. इसके अलावा, ऑनलाइन पेमेंट करने पर अक्सर कैशबैक और डिस्काउंट जैसे रिवॉर्ड्स भी मिल जाते हैं, जो आपके सफर के खर्च को थोड़ा कम कर देते हैं. भीड़भाड़ वाली जगहों पर यह तरीका ज्यादा साफ-सुथरा और सुरक्षित भी माना जाता है.
यह भी पढ़ें: छोड़िए वीजा की टेंशन! 2026 में इन देशों की सैर करना है सबसे आसान
इमरजेंसी और छोटे खर्चों के लिए नकद का भरोसा
डिजिटल इंडिया के इस जमाने में भी नकद यानी कैश की अपनी एक अलग अहमियत है, जिसे नकारा नहीं जा सकता. जब आप किसी छोटे शहर, गांव या दूरदराज के पहाड़ी इलाकों में जाते हैं, तो वहां अक्सर इंटरनेट गायब हो जाता है या यूपीआई सर्वर काम करना बंद कर देता है. ऐसी स्थिति में सिर्फ जेब में रखा कैश ही आपका सबसे बड़ा सहारा बनता है. इसके अलावा, सड़क किनारे चाय की टपरी, स्थानीय ऑटो वाले या छोटे दुकानदार आज भी नकद में ही पैसे लेना पसंद करते हैं. सोचिए, अगर आपका फोन डिस्चार्ज हो जाए या कार्ड मशीन काम न करे, तो वैसी मुश्किल घड़ी में थोड़ा सा नकद आपको बड़ी मुसीबत से बचा सकता है. इसलिए नेटवर्क और तकनीक के भरोसे रहने के साथ-साथ हमेशा अपनी जेब में कुछ नकद पैसे जरूर रखें.
aajtak.in